पटना साहिब लोकसभा चुनावः रविशंकर बचा पाएंगे अपनी सीट या अंशुल की होगी जीत, दोनों के बीच सीधी टक्कर

Patna Sahib Lok Sabha Election: पटना साहिब लोकसभा सीट पर आज चुनाव हो रहा है। यहां से रविशंकर प्रसाद दूसरी बार भाजपा के टिकट पर उतरे हैं। वहीं, कांग्रेस ने मीरा कुमार के बेटे अंशुल अविजित को टिकट दिया है।

Patna Sahib Lok Sabha Election: आज लोकसभा चुनाव 2024 के तहत आखिरी चरण का मतदान हो रहा है। इस चरण में बिहार की कई सीटों पर वोटिंग हो रही है। इनमें एक सीट पटना साहिब लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र भी शामिल है। पटना साहिब लोकसभा सीट (Patna Sahib Lok Sabha Seat) बिहार की हॉट सीटों की श्रेणी में आता है। पहली बात तो यह बिहार की राजधानी पटना में आती है और दूसरी बात यहां से कई दिग्गज चुनाव लड़ चुके हैं। बता दें कि पटना साहिब लोकसभा सीट 2009 में अस्तित्व में आई थी, तब से इस सीट पर भाजपा का कब्जा है। 2009 और 2014 में यहां से भाजपा के टिकट पर शत्रुघ्न सिन्हा चुनाव जीते थे। वहीं, 2019 में रविशंकर प्रसाद (Ravi Shankar Prasad) को जीत मिली थी। भाजपा ने इस बार फिर से उन्हें यहां से टिकट दिया है। उनका मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार अंशुल अविजित (Anshul Avijit) से है। बता दें कि पटना साहिब भाजपा की सबसे मजबूत सीट मानी जाती है। कांग्रेस इस सीट पर दलित वोट बैंक पर नजर टिकाई है। वहीं, उनकी नजर MY समीकरण पर भी है। इधर, रविशंकर प्रसाद केंद्र सरकार के कामकाज पर चुनाव लड़ रहे हैं। यह सीट कायस्थ बाहुल्य सीट है। इस वजह से रविशंकर प्रसाद को मदद मिल सकती है। देखना है कि जनता इस बार इस सीट से किसे चुनती है।

patna sahib

फाइल फोटो।

पटना साहिब लोकसभा सीट से उम्मीदवार कौन-कौन हैं?

पटना साहिब लोकसभा सीट से भाजपा ने जहां अपने वर्तमान सांसद रविशंकर प्रसाद को टिकट दिया है। वहीं, कांग्रेस ने लोकसभा की पूर्व स्पीकर मीरा कुमार के पुत्र अंशुल अविजित को टिकट दिया है। इस सीट पर बसपा ने भी अपना उम्मीदवार उतारा है। बसपा ने पटना साहिब से नीरज कुमार को प्रत्याशी बनाया है। इसके अलावा यहां से कई अन्य उम्मीदवार भी चुनाव लड़ रहे हैं।

End of Feed