Attack on Police: भागलपुर के कहलगांव में पुलिस बल पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। जिसमें इंस्पेक्टर समेत पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए। जानकारी के अनुसार अंतिचक थाना क्षेत्र का कासडी गांव में बच्चों के बीच विवाद हुआ था, जिसके बढ़ने पर पुलिस को सूचना मिली और मौके पुलिस की पेट्रोलिंग टीम घटनास्थल पर पहुंची। जहां पुलिसकर्मियों पर लोगों ने ईट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। जिससे एक एएसआई, तीन सिपाही और एक चौकीदार घायल हो गए। साथ ही पुलिस की गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई है।
अंतीचक थानाध्यक्ष आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस टीम रात के समय गश्त के लिए निकली थी। उन्होंने बताया कि माधव रामपुर हरि चक गांव के पास बच्चों के बीच विवाद हुआ था। जिसके बढ़ने पर ग्रामीणों के दो गुट आपस में झगडा कर रहे थे, जिसे देखकर पुलिस टीम वहां रुकी और इसी बीच ग्रामीणों ने उनपर पथराव करना शुरू कर दिया।
हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
अधिकारी ने बताया कि इस हमले में गश्ती दल में शामिल पांच पुलिसकर्मी घायल हो गए और पथराव में पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। थानाध्यक्ष ने बताया की हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है और सभी घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए अनुमंडल अस्पताल भेजा गया है। प्रतिनियुक्ति दंडाधिकारी संजीव चौधरी के बयान के आधार पर 24 नामजद और 15 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
(इनपुट - भाषा)
