बिहार की राजधानी पटना में चितकोहरा पुल पर पुलिसकर्मियों को कुचलने का प्रयास का एक और मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, यह घटना तब हुई जब पटना यातायात पुलिस एक वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। पुलिस ने एक काले रंग की थार SUV को रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने इशारे की अनदेखी की और गाड़ी को आगे बढ़ा दिया।
चेकिंग के दौरान पुलिसकर्मी को कुचलने की कोशिश
पुलिस ने बताया कि इस दौरान, एक महिला और एक पुरुष पुलिसकर्मी गाड़ी के सामने आ गए, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी, जिससे दोनों पुलिसकर्मियों ने किसी तरह अपनी जान बचाई। गनीमत यह रही कि इस घटना में वह पुलिसकर्मी घायल नहीं हुआ। पुलिस ने तुरंत कंट्रोल रूम को सूचित किया और थार चालक के बारे में जानकारी दी। रिपोर्ट के अनुसार, चालक वाहन लेकर गर्दनीबाग की दिशा में भाग गया, और पुलिस अब इस मामले में चालक की पहचान करने के लिए प्रयासरत है।
पुलिसकर्मी को कुचलने का पहले भी किया गया था प्रयास
बता दें कि यह पहली बार नहीं है कि किसी वाहन चालक ने पुलिस से बचने के लिए किसी पुलिसकर्मी को कुचलने की कोशिश की है। इससे पहले भी इसी प्रकार का एक मामला सामने आया था। यह घटना 12 जून को हुई एक पूर्व घटना की याद दिलाती है, जब एक वाहन चालक ने तीन पुलिसकर्मियों को कुचल दिया था, जिसमें एक महिला पुलिसकर्मी की मौत हो गई थी और दो अन्य घायल हुए थे। इस घटना के बाद पुलिस थार के चालक को पकड़ने के लिए प्रयास कर रही हैं।
