Dhirendra Krishna Shastri : बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री 12 मई को पटना आने वाले हैं। उनकी कथा का कार्यक्रम 13 मई से 17 मई तक चलेगा। बिहार में उनके दरबार को लेकर पिछले महीने से सियासत गर्म है। लालू प्रसाद यादव के बेटे और बिहार के पर्यावरण मंत्री तेज प्रताप यादव ने एक बार फिर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री पर हमला बोला है। इस बार तेज प्रताप ने बागेश्वर वाले बाबा को डरपोक और देशद्रोही तक करार दिया। बता दें कि इससे पहले भी तेज प्रताप ने धीरेंद्र शास्त्री का विरोध किया था। उन्होंने कहा था कि अगर धीरेंद्र शास्त्री यहां पर आते हैं तो उनका विरोध किया जाएगा।
तेज प्रताप यादव का धीरेंद्र शास्त्री पर हमला। (सांकेतिक फोटो)
'बागेश्वर धाम के लोग मांग रहे माफी'
पटना में तेज प्रताप यादव ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि बागेश्वर धाम वाले धीरेंद्र शास्त्री डरपोक हैं और देशद्रोही हैं। उनके लोग रोज हमारे गेट पर आ रहे हैं और हमसे आकर मांफी मांग रहे हैं। बिहार के पर्यावरण मंत्री तेज प्रताप ने बताया कि जल्द ही वे माफी मांगने वालों का वीडियो जारी करेंगे।
हिन्दू मुस्लिम को लड़ाने का लगा चुके आरोप
ये पहली बार नहीं है जब तेज प्रताप ने धीरेंद्र शास्त्री का विरोध किया हो। वे इससे पहले भी पत्रकारों से बातचीत के दौरान बागेश्वर बाबा का विरोध कर चुके हैं। हाल ही में उन्होंने बयान देते हुए कहा था कि 'अगर बागेश्वर बाबा हिंदू मुसलमान भाई को लड़वाने के लिए आ रहे हैं तो मैं उनका विरोध करूंगा, मैं उनका हवाई अड्डे पर घेराव करूंगा। अगर भाईचारे का संदेश देंगे कि हिंदू मुस्लिम सिख ईसाई हम सब हैं भाई-भाई तो उनकी बिहार में एंट्री हो सकती है।'
गिरिराज सिंह ने किया था पलटवार
बागेृश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को लेकर तेज प्रताप के बाद बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ने भी बयान दिया था। विरोध में चंद्रशेखर ने कहा था कि अगर धीरेंद्र शास्त्री सांप्रदायिक तनाव फैलाते हैं तो उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इस पर पलटवार करते हुए भाजपा सांसद गिरिराज सिंह ने कहा था कि यदि किसी ने धीरेंद्र शास्त्री के कार्यक्रम का विरोध किया तो वे चुप नहीं बैठेंगे।
