Ramcharitmanas Controversy: आरजेडी विधायक रीतलाल यादव ने रामचरित मानस पर अजब बयान देकर नया विवाद खड़ा कर दिया है। दानापुर से आरजेडी विधायक यादव ने कहा कि रामचरित मानस किसी मस्जिद में लिखी गई थी। दिलचस्प बात यह है कि आरजेडी की प्रमुख सहयोगी जद (यू) ने खुद को विवादास्पद टिप्पणी से अलग कर लिया है। राजद विधायक ने बीजेपी पर हमला बोलते हुए कहा, मस्जिद में बैठकर रामचरितमानस लिखा गया, तो हिंदुत्व खतरे में नहीं था? यादव यहीं नहीं रुके और आगे कहा कि अगर आपको हिंदुत्व का हिस्सा बनना है तो सभी मुसलमानों को पार्टी से निकाल दें।
आरजेडी विधायक रीतलाल यादव
आरजेडी विधायक ने दी ये दलील
यादव ने हिंदुत्व के एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए बीजेपी पर निशाना साधा और कहा कि जब भारत में एक मुस्लिम की 11 साल की बेटी भागवत कथा पढ़ती है और पदक जीतती है, उस समय लोग कहां देख रहे थे, क्यों नहीं देख रहे थे। लोग (बीजेपी) उस समय कहते हैं कि एक मुस्लिम लड़की ने भागवत कथा का प्रचार किया।
बीजेपी ने बोला आरजेडी-जेडीयू पर हमला
यादव के बयान ने राजनीतिक विवाद पैदा कर दिया है। बीजेपी ने आरजेडी और जद (यू) दोनों पर हमला किया और उनपर सनातन धर्म का अपमान करने का आरोप लगाया। बीजेपी प्रवक्ता प्रेम रंजन पटेल ने आरजेडी विधायक की टिप्पणी पर टिप्पणी करते हुए कहा कि दुनिया का सबसे पुराना धर्म सनातन धर्म है। इसकी संस्कृति को दुनिया भर के लोगों ने अपनाया है। उस धर्म के खिलाफ बोलना अज्ञानता की निशानी है। जो रामचरितमानस पर बयानबाजी कर रहे हैं, उन्हें ज्ञान की जरूरत है।
इससे पहले बिहार के शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर ने कहा था कि रामचरितमानस नफरत फैलाने और समाज को बांटने वाली किताब है। इसे लेकर भी खूब सियासी विवाद मचा था और बीजेपी ने जेडीयू-आरजेडी सरकार को निशाने पर लिया था।
