Patna News: बिहार एसएसबी और कोलकाता की वन जीव अपराध शाखा की टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर बाराचट्टी इलाके में जीटी रोड से भारी मात्रा में वन प्राणी पैंगोलिन (वज्रकीट) की खाल बरामद की है। इसके साथ ही दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया है। इन खाल की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। वन रेंजर विवेकानंद स्वामी ने बताया कि, गुप्त सूचना के आधार पर एसएसबी की मदद से छापा मारकर दोनों तस्करों को खाल के साथ पकड़ा गया।
तस्करों से बरामद की गई पैंगोलिन की खाल।
पकड़े गये तस्करों की पहचान झारखंड के कोडरमा निवासी शकलदेव दास और चतरा के रहने वाले मोहम्मद शाहीन के रूप में हुई है। एसएसबी के अनुसार, दोनों तस्कर चतरा जिले के सिमरिया जंगल से पैंगोलिन की खाल लेकर पटना में एक तस्कर को देने आ रहे थे। इस दौरान दोनों को रास्ते में ही दबोच लिया गया। वहीं, रवि कुमार नाम का एक तस्कर मौके से भाग गया। दोनों तस्करों से पूछताछ के बाद उन्हें जेल भेज दिया गया है।
भेजी जानी थी भूटान और चीन, बनती शक्तिवर्धक दवाई
पूछताछ में तस्करों ने बताया कि, वे झारखंड के चतरा जिला के सिमरिया के जंगलों से इस वन्य जीव को पकड़ कर उसकी खाल उतारते हैं। इन खाल को अवैध रूप से तस्करी कर विदेश भेजा जाता है। आरोपी तस्करों ने बताया कि, बरामद खाल को भी भूटान और चीन भेजा जाना था। जिसके लिए ही वे पटना आ रहे थे।
विदेश में इसका उपयोग पुरुषों के लिए शक्तिवर्धक दवाई बनने में किया जाता है। अधिकारियों के अनुसार चीन और भूटान जैसे देशों में पैंगोलिन की खाल की काफी मांग है, इसलिए ही इसकी काफी कीमत होती है। इन देशों में दवाई बनाकर उसे अंतरराष्ट्रीय बाजार में बेचा जाता है। यहां पर पहले भी पैंगोलिन यानी वज्रकीट की खाल के साथ तस्कर गिरफ्तार किए गए हैं।
