Patna News: पटना के ऐतिहासिक सदाकत आश्रम में सोमवार को इंडिया गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है, जिसमें कांग्रेस, राजद, सीपीआई, सीपीआईएमएल समेत कई सहयोगी दलों के नेता शामिल होंगे। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी विधानसभा चुनाव के लिए साझा घोषणापत्र (मेनीफेस्टो) पर चर्चा करना है। तेजस्वी यादव की अध्यक्षता में गठित मेनीफेस्टो कमिटी ने घोषणापत्र के प्रारूप पर विचार किया जाएगा।
RJD नेता और पूर्व मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव (फाइल फोटो)
बैठक से पहले ही राज्य की राजनीति गरमा गई थी। बीजेपी और जदयू ने इस बैठक पर कटाक्ष किया, वहीं कांग्रेस और राजद ने तीखा पलटवार किया। जदयू प्रवक्ता मनीष यादव ने कहा कि इस बैठक में न तो मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पर चर्चा होगी और न ही सीटों के बंटवारे पर। उनका कहना था कि यह बैठक केवल नीतिगत मुद्दों पर केंद्रित है।
ये भी पढ़ें - पति की दूसरी शादी से नाराज पहली पत्नी ने प्रेमी संग मिलकर दी खौफनाक सजा, पुलिस ने किया गिरफ्तार
वहीं कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने यह साफ किया कि इस बार कांग्रेस बिहार में नेतृत्व की भूमिका निभाएगी। बीजेपी प्रवक्ता कुंतल कृष्ण ने एनडीए की ओर से नीतीश कुमार के नेतृत्व में चुनाव लड़ने की घोषणा करते हुए इंडिया गठबंधन से पूछा कि उनका एजेंडा क्या है।
राजद प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने एनडीए में आंतरिक कलह का हवाला देते हुए कहा कि बीजेपी घबराई हुई है। कांग्रेस प्रवक्ता असीतानाथ तिवारी ने स्पष्ट किया कि फिलहाल सीट बंटवारे की नहीं, बल्कि जीत की रणनीति पर काम हो रहा है। यह बैठक आने वाले चुनावों के लिए विपक्षी गठबंधन की दिशा और दशा तय करने में अहम मानी जा रही है।
