Patna News: पटना में पोस्ट ऑफिस में जरूरी दस्तावेज भी बनेंगे। लोग पैन कार्ड, आधार अपडेट, जाति प्रमाण-पत्र, आय प्रमाण-पत्र, आवासीय प्रमाण-पत्र, रेलवे टिकट बुकिंग, फ्लाइट टिकट बुकिंग, बिजली बिल, डीटीएच रिचार्ज समेत 62 तरह की सेवाओं का लाभ ले सकेंगे। ऐसे में लोगों को दस्तावेज बनवाने के लिए अलग-अलग सरकारी कार्यालयों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। इसके लिए पटना सदर डिवीजन के 60 पोस्ट ऑफिस में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) खोला जाएगा। डाक विभाग द्वारा यह सीएससी खोला जाना है।
पटना का डाकघर में अब बनेंगे कई तरह के दस्तावेज
वैसे पोस्ट ऑफिस जहां से पहले से सीएससी खुले हुए हैं, वहां सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा। इस माह के अंत तक इन 60 पोस्ट ऑफिस में सेवा शुरू हो जाएंगी। इन सेवाओं से हजारों लोग हर दिन लाभान्वित होंगे। डाक विभाग द्वारा सूबे में इस वित्तीय वर्ष के अंत तक 11 स्थानों पर लघु डाकघर भी चालू किया जाना है। इनमें भी सीएससी खोले जाएंगे।
इन जगहों पर खोले जाएंगे लघु डाकघर
डाक विभाग के मुताबिक लघु डाकघर कई जिलों में खोले जाने हैं। इनमें अभी गया के एसओ, आरा में जगदीशपुर, सारण में परसागढ़, मुजफ्फरपुर में कतरा, मधुबनी में लोकहा, पूर्वी चंपारण में गुलबरा मधुबन, पूर्णिया में कुर्साकांटा, भागलपुर में कटोरिया, कटिहार में दुर्गागंज शामिल हैं। इन सभी जगहों पर मार्च अंत तक सेवाएं चालू हो जाएंगी।
अभी पोस्ट ऑफिस में मिल रहीं यह सुविधाएं
फिलहाल पोस्ट ऑफिस में मुख्य रूप से बैंकिंग एवं पार्सल का काम होता है। बैंकिंग में खाताधारक रकम जमा एवं निकासी करते हैं। इलेक्ट्रॉनिक मनी ऑर्डर, इंस्टेंट मनी ऑर्डर (आईएमओ), आईएफएस मनी ऑर्डर, अंतराष्ट्रीय रकम निकासी, जनसुरक्षा योजना, म्युचुअल फंड, नेशनल पेंशन सिस्टम (एनपीएस) आदि सेवाएं शामिल हैं। इसके अतिरिक्त कई तरह के सामानों की भी बिक्री होती है। गंगाजल समेत कई चीजें बिक रहीं हैं।
लोगों का बचेगा समय
पोस्ट ऑफिस में इन दस्तावेजों के बनने से लोगों के समय की काफी बचत होगी। घनी आबादी वाले कई ऐसे गांव हैं, जहां से प्रखंड कार्यालय काफी दूर है। प्रखंड कार्यालय में एक दस्तावेज बनवाने के लिए लोगों को दर्जनों बार आना-जाना करना पड़ता है। ऐसे में पास के पोस्ट ऑफिस में ग्रामीण आसानी से अपने दस्तावेज बन सकेंगे। इससे समय पर उनका काम भी हो जाएगा। प्रखंड एवं अन्य कार्यालयों से दस्तावेज बनवाने के चक्कर में कई बार लोगों का जरूरी काम भी पूरा नहीं हो पाता है।
