पटना

Patna Housing Board Flat-Bungalow: डीडीए की तर्ज पर पटना में फ्लैट और बंगला बेचेगा आवास बोर्ड, इतने में खरीद सकेंगे आप

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 16, 2023, 03:02 PM IST

Patna Flat-Bungalow Sale: राजधानी में अपने फ्लैट या बंगला खरीदने की सोच रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद अच्छी है। बिल्डर से फ्लैट लेने की जगह आप बिहार राज्य आवास बोर्ड से फ्लैट खरीद सकते हैं। जमीन के बाद अब आवास बोर्ड फ्लैट और बंगला बनवाकर भी बेचने वाला है। इसको लेकर आवास बोर्ड ने पूरा प्रारूप तय कर लिया है। फ्लैट की कीमत 70 लाख रुपए तक होगी। इससे निजी बिल्डरों की मनमानी पर रोक लग पाएगी।

Image

बिहार राज्य आवास बोर्ड बेचेगा फ्लैट-बंगला (प्रतीकात्मक तस्वीर)

Photo : Twitter
KEY HIGHLIGHTS
  • 100 से 190 वर्गमीटर क्षेत्र में बनेंगे फ्लैट और बंगले
  • नक्शा और इंटीरियर डेकोरेशन का काम करेगा आवास बोर्ड
  • 35-70 लाख रुपए होगा फ्लैट का दाम

Patna News: दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) की तर्ज पर अब बिहार राज्य आवास बोर्ड फ्लैट और बंगला बेचेगा। फ्लैट और बंगला 100 से 190 वर्गमीटर क्षेत्र में बनाया जाना है। आवास बोर्ड इनके नक्शा और इंटीरियर डेकोरेशन का काम करेगा। फ्लैट की कीमत उसकी लागत एवं लोकेशन के अनुसार तय किया जाना है। हालांकि अनुमान है कि 35-70 लाख रुपए फ्लैट की कीमत होगी। बंगले की कीमत एरिया-लोकेशन, सड़क की चौड़ाई, मार्केट से दूरी, पार्क, हॉस्पिटल समेत अन्य सुविधाओं को देखते हुए तय की जाएगी।

बिहार राज्य आवास बोर्ड द्वारा रेरा के नियमों के अनुसार फ्लैट बनाया जाएगा। इससे आक्युपेशन सर्टिफिकेशन, एनओसी समेत अन्य प्रमाण-पत्र आसानी से मिल जाएंगे। इतना ही नहीं आवास बोर्ड द्वार फ्लैट बनाए जाने से निजी बिल्डरों की मनमानी पर लगाम लगेगी। एग्रीमेंट के अनुसार मिले कागज के आधार पर ही फ्लैट का रजिस्ट्रेशन होगा।

दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद की तरह खूबसूरत होंगे फ्लैट

बिहार राज्य आवास बोर्ड द्वारा बनाए जाने वाले फ्लैट का रजिस्ट्रेशन आसान रहेगा। ताकि उपभोक्ता आसानी से बैंक से लोन ले सके। आवास बोर्ड के फ्लैट पहले की तरह सरकारी जैसे नहीं दिखेंगे। दिल्ली, मुंबई, हैदराबाद की तरह खूबसूरत फ्लैट होंगे। इनकी डिजाइन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे फ्लैट आसानी से बिक सके। इसके लिए विभागीय स्तर पर आर्किटेक्ट से संपर्क किया जा रहा है।

पहले चरण में बनेंगे 6 हजार फ्लैट

आवास बोर्ड द्वारा पहले चरण में पटना समेत अन्य शहरों को मिलाकर छह हजार फ्लैट और बंगले बनाए जाएंगे। पटना, भागलपुर, मुजफ्फरपुर, गया और बिहारशरीफ में इनका निर्माण होना है। फ्लैट जी प्लस टू फ्लोर का होगा। पटना के बहादुरपुर में 10.10 एकड़ जमीन पर 1596 आवासीय फ्लैट, लोहिया नगर की 32.35 एकड़ जमीन पर 8454 फ्लैट बनाए जाएंगे। वैसे पहले चरण में पटना में दो-तीन हजार ही फ्लैट बनाए जाने की योजना है। इसकी बिक्री हो जाने के बाद आगे की योजना बनाई जाएगी।

कॉलोनी के विकास में मिलेगा सहयोग

भागलपुर के बरारी में 272 फ्लैट, मुजफ्फरपुर के दामोदपुर में 21.75 एकड़ जमीन पर 1496 फ्लैट, गया के कटारी एवं मुस्तफाबाद में 125 एकड़ जमीन पर 12 हजार फ्लैट बनाने की तैयारी है। इसके लिए जमीन का सर्वे हो चुका है। योजना पूरी होने से दिल्ली, मुंबई की तरह कॉलोनी के विकास में सहयोग मिल पाएगा। सही तरीके से कॉलोनी के विकास से शहर का फैलाव होगा।

टाइम्स नाउ नवभारत
टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटलauthor

अक्टूबर 2017 में डिजिटल न्यूज़ की दुनिया में कदम रखने वाला टाइम्स नाउ नवभारत अपनी एक अलग पहचान बना चुका है। अपने न्यूज चैनल टाइम्स नाउ नवभारत की सोच एवं नजरिए के साथ आगे बढ़ते हुए यह न्यूज़ प्लेटफॉर्म आम लोगों से जुड़े मुद्दों का गहराई से विश्लेषण एवं उसे आसान भाषा में पेश करता आया है। राजनीति से लेकर खेल, मनोरंजन, कारोबार और आम लोगों के जीवन पर असर डालने वालीं खबरों का मायने समझाते हुए यह डिजिटल प्लेटफॉर्म लोगों के भरोसे पर खरा उतरा है। \n\nसाथ ही यह अपने न्यूज़ चैनल पर दिखाए जाने वाली खबरों, शोज, स्पशेल कार्यक्रमों एवं रिपोर्टों को पेश करता है। चैनल के ये कार्यक्रम एवं शोज देश-दुनिया के घटनाक्रमों पर एक नया एवं विश्वसनीय नजरिया देते हैं। अपनी खबरों एवं विश्लेषण के चलते पसंदीदा न्यूज़ प्लेटफॉर्म बन चुका टाइम्स नाउ नवभारत, डिजिटल लोगों के भरोसे को लगातार मजबूत कर रहा है।

और पढ़ें
End of Article