राज्य सरकार के आंकड़ों के अनुसार, बिहार के विभिन्न जिलों में यात्रा वीजा और पर्यटन वीजा पर आए 19 पाकिस्तानी नागरिक 25 अप्रैल या उससे पहले राज्य छोड़ चुके हैं। ये आंकड़े उन पाकिस्तानी नागरिकों से जुड़े हैं जो जनवरी 2025 के बाद विभिन्न प्रकार के वीजा पर बिहार आए थे। गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव अरविंद कुमार चौधरी के मुताबिक, जिलों से मिली सूचना के आधार पर अब कोई भी पाकिस्तानी नागरिक राज्य में नहीं है जो लौटने वाला हो। वर्तमान में केवल वे पाकिस्तानी नागरिक ही बिहार में मौजूद हैं जो चिकित्सा वीजा और दीर्घकालिक वीजा (एलटीवी) पर आए हैं। चिकित्सा वीजा पर आए पाकिस्तानी नागरिकों का वीजा केवल 29 अप्रैल तक मान्य रहेगा।
बिहार में मियाद से पहले ही लौटे अल्पकालिक वीजा पर आए पाकिस्तानी
पटना में पाकिस्तानी महिलाएं
पटना पुलिस ने शुक्रवार को एक बयान जारी कर दावा किया, पटना में रह रहे सभी पाकिस्तानी नागरिक महिलाएं हैं। 24 महिला पाकिस्तानी नागरिक एलटीवी पर रह रही हैं, जबकि तीन ने भारतीय नागरिकता लेने के लिए अपने पासपोर्ट जमा करा दिए हैं। पटना पुलिस ने एक पाकिस्तानी महिला के खिलाफ मामला दर्ज किया है,जि सके खिलाफ यहां मुकदमा चल रहा है।
चिकित्सा वीजा 29 अप्रैल तक वैध
केंद्र सरकार के फैसले के मुताबिक, भारत द्वारा पाकिस्तानी नागरिकों को जारी सभी मौजूदा अल्पकालिक वैध वीजा 27 अप्रैल से रद्द माने जाएंगे। इसमें कहा गया है कि पाकिस्तानी नागरिकों को जारी चिकित्सा वीजा केवल 29 अप्रैल तक वैध होंगे। अभी बिहार में वो ही पाकिस्तानी नागरिक मौजूद हैं जो चिकित्सा वीजा और दीर्घकालिक वीजा पर आए हैं।
(इनपुट - भाषा)
