Shravani Mela Special Train: नालंदा के शिवभक्तों ने श्रावणी मेला के अवसर पर देवघर के लिए विशेष ट्रेन की मांग उठाई है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और सांसद कौशलेंद्र कुमार को पत्र लिखकर आग्रह किया है। श्रद्धालुओं का कहना है कि इस बार बिहार के विभिन्न शहरों से कुल 44 विशेष ट्रेनें चलाई जा रही हैं, लेकिन नालंदा से एक भी ट्रेन की व्यवस्था नहीं की गई है। इससे उन्हें बख्तियारपुर या गया जाकर ट्रेन पकड़नी पड़ती है, जिससे न केवल समय की बर्बादी होती है बल्कि अतिरिक्त खर्च भी उठाना पड़ता है।
देवघर के लिए विशेष ट्रेन की मांग (Photo: Canva)
श्रावणी मेला झारखंड के देवघर और बिहार के सुल्तानगंज में हर वर्ष आयोजित होने वाला एक प्रमुख धार्मिक आयोजन है, जिसमें भारी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। रेलवे ने इस बार पटना, गया, जयनगर, रक्सौल, सरायगढ़, नवादा, भागलपुर और मुजफ्फरपुर जैसे शहरों से विशेष ट्रेनों की व्यवस्था की है, लेकिन नालंदा को फिर से नजरअंदाज कर दिया गया है, जिससे स्थानीय श्रद्धालुओं में गहरी नाराज़गी है।
शोधार्थी विकास आनंद और उनकी टीम ने बताया कि पहले राजगीर-हावड़ा फास्ट पैसेंजर ट्रेन इस मार्ग पर एकमात्र सीधा और सुगम विकल्प हुआ करती थी, लेकिन उसके बंद हो जाने के बाद नालंदा से देवघर और सुल्तानगंज जैसे धार्मिक स्थलों तक सीधी रेल सेवा पूरी तरह समाप्त हो गई है। स्थानीय नागरिकों ने सरकार और जनप्रतिनिधियों से अपील की है कि वे रेलवे अधिकारियों से बात कर नालंदा से कम से कम एक विशेष ट्रेन श्रावणी मेला के लिए चलवाने की पहल करें।
