खेसारी लाल यादव के बंगले पर चलेगा बुलडोजर! MBMC ने जारी किया अवैध निर्माण तोड़ने का नोटिस

छपरा से आरजेडी उम्मीदवार खेसारी लाल यादव को ठाणे के मीरा भायंदर नगर निगम ने मीरा रोड स्थित एक बंगले में अवैध निर्माण को तोड़ने का नोटिस जारी किया है।

बिहार के छपरा से आरजेडी उम्मीदवार व भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव को ठाणे के मीरा भायंदर नगर निगम ने मीरा रोड स्थित एक बंगले में अवैध निर्माण को तोड़ने का नोटिस जारी किया है। नगरपालिका की ओर से जारी नोटिस में कहा गया है कि खेसारीलाल यादव के घर के बाहर लगाए गए लोहे के एंगल और शेड को तुरंत हटाया जाए, अन्यथा अतिक्रमण विभाग की ओर से बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी। यह मामला तब सामने आया जब महानगरपालिका के क्षेत्र में अतिक्रमण की जांच की गई। इसी दौरान खेसारीलाल यादव के बंगले पर अनधिकृत संरचना पाई गई। खेसारीलाल यादव और उनके परिवार के इस समय बिहार में चुनाव प्रचार में व्यस्त होने के कारण मीरा रोड स्थित उनके घर पर कोई मौजूद नहीं था।

MBMC Send Notice TO Chhapra RJD candidate  Khesari Lal Yadav

छपरा से आरजेडी उम्मीदवार खेसारी लाल यादव (फोटो-@khesariLY)

आईएएनएस की टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रतिक्रिया लेने की कोशिश की, तो वहां कोई मौजूद नहीं मिला। दूसरी तरफ, महानगरपालिका में छुट्टी होने की वजह से किसी भी अधिकारी की ओर से कोई औपचारिक प्रतिक्रिया नहीं मिल सकी। नोटिस में कहा गया है कि मीरा भयंदर महानगरपालिका वार्ड समिति क्रमांक 4, मीरा रोड (पूर्व), पुराने पेट्रोल पंप के सामने, कनासिक काउंटी, नताशा पार्क के पीछे, रो हाउस क्रमांक 1 और 2 में लोहे के एंगल और चादरों की मदद से भूतल, पहली मंजिल और दूसरी मंजिल पर शेड के निर्माण के संबंध में शिकायत प्राप्त हुई है। तदनुसार, जब उक्त स्थान पर वास्तविक स्थल निरीक्षण किया गया, तो यह बताया गया है कि रो हाउस क्रमांक 1 और 2 में लोहे के एंगल और चादरों की मदद से भूतल, पहली मंजिल और दूसरी मंजिल पर शेड का अनधिकृत निर्माण किया गया है, साथ ही बिना अनुमति के स्वीकृत मानचित्र को बदलकर अनधिकृत निर्माण किया गया है।

End of Feed