Bihar Lightning Deaths: बिहार में इन दिनों मानसून जारी है, जिसके चलते लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। लेकिन जहां एक तरफ मौसम राहत बना तो दूसरी ओर यह आफत भी बना। जानकारी के मुताबिक बिहार के गया जिले में रविवार को ठनका गिरने की दो अलग-अलग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया।
बिहार में ठनका से 3 की मौत (Photo: Canva)
पहली घटना बाराचट्टी थाना क्षेत्र के सूर्यमंडल गांव के पास उस समय हुई जब विकेश कुमार और अंकित कुमार बाइक से डोभी की ओर लौट रहे थे। रास्ते में वज्रपात की चपेट में आने से दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ मौजूद विकेश का बहनोई वकील मांझी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले बाराचट्टी अस्पताल और फिर मगध मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
परिजनों में शोक की लहर
दूसरी घटना अतरी थाना क्षेत्र के तलबल बिगहा गांव में हुई, जहां 60 वर्षीय रूपलाल यादव की वज्रपात से मौत हो गई। इन घटनाओं से ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों में शोक की लहर दौड़ गई है। इधर, रविवार की शाम तेज आंधी और हवा के कारण कई इलाकों में पेड़ गिर गए, जिससे बिजली आपूर्ति बाधित हो गई और आवागमन में परेशानी हुई।
पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित
गया शहर के पुलिस लाइन रोड और इस्कॉन मंदिर के पास बड़े पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित हुआ। मौसम के बदले मिजाज के चलते करीब डेढ़ से दो घंटे तक बिजली बाधित रही। हालांकि रविवार को इस वर्ष का अब तक का सबसे गर्म दिन रहा, लेकिन शाम को हल्की बारिश ने लोगों को कुछ राहत पहुंचाई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में जिले में कहीं-कहीं हल्की बरसात हो सकती है, लेकिन भारी मानसूनी बारिश की संभावना फिलहाल नहीं है।
