दुनिया

SCO Summit: आतंकवाद पर पीएम मोदी की दो टूक, कहा- इसे जड़ से करना होगा खत्म; देखते रह गए शहबाज शरीफ

SCO समिट में पीएम मोदी ने आतंकवाद के मुद्दे पर खरी-खरी बात कही। पीएम ने कहा कि आतंकी संगठनों में भर्ती रोकनी होगी और इसके खिलाफ पूरी दुनिया को एकजुट होना होगा। इस दौरान शहबाज शरीफ भी मौजूद थे।

Image

SCO में पीएम मोदी की आतंकवाद पर खरी-खरी

Photo : ANI

PM Modi in SCO Summit: पीएम मोदी ने बिश्केक में हो रहे एससीओ समिट में आतंकवाद के मुद्दे पर खरी-खरी बात कही। इस दौरान पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ भी मौजूद थे। पीएम मोदी ने कहा कि इस चुनौती से निपटने के लिए आतंक के इकोसिस्टम को खत्म करना होगा। उन्होंने कहा कि आतंकी संगठनों में भर्ती रोकनी होगी और इसके खिलाफ पूरी दुनिया को एकजुट होना होगा। कोई भी देश इससे सुरक्षित नहीं है। उनका साफ इशारा पाकिस्तान की ओर था जिसे भारत के खिलाफ आतंकवाद फैलाने और वैश्विक टेरेरिज्म को खाद-पानी मुहैया कराने के लिए काफी हद तक जिम्मेदार माना जाता है। शहबाज के पास पीएम मोदी की खरी-खरी बातों को सुनने के अलावा और कोई चारा नहीं था, और वह चुपचाप भाषण सुनते रहे।

  • आतंकी संगठनों की भर्ती रोकनी होगी
  • आतंक के खिलाफ एकजुट होना होगा
  • आतंकवाद पर दोहरा मापदंड नहीं चलेगा
  • आतंकवाद को जड़ से खत्म करना होगा
  • आतंक के इकोसिस्टम को खत्म करना होगा
  • कोई भी देश आतंकवाद से सुरक्षित नहीं है

पीएम मोदी ने क्या-क्या कहा?

इस दौरान पीएम मोदी ने SCO का मतलब भी समझाया। उन्होंने कहा S - सिक्योरिटी, C- कनेक्टिविटी, O-अपॉर्चुनिटी। हमें आतंकवाद के संपूर्ण तंत्र के साथ-साथ उसके वित्तपोषण को भी खत्म करना होगा। हमें एक स्वर में कहना होगा कि आतंकवाद से निपटने में दोहरे मापदंड की कोई जगह नहीं है। युद्ध के मैदान में कोई समाधान नहीं है और सभी युद्धों और संघर्षों का समाधान संवाद और कूटनीति के माध्यम से होना चाहिए। भारत के लिए, एससीओ सम्मेलन महान सभ्यता, संस्कृति और विचारों का संगम है। कनेक्टिविटी के प्रयासों में सभी देशों की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता का सम्मान होना चाहिए। बाजारों को जोड़ने, व्यापार को सुगम बनाने और विकास के नए रास्ते खोलने वाले सभी प्रयासों का भारत समर्थन करता है।

SCO की 26वीं बैठक जारी, जिनपिंग भी पहुंचे

बता दें कि किर्गिस्तान की राजधानी बिश्केक में शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की 26वीं बैठक जारी है। समिट में हिस्सा लेने चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग भी पहुंचे हैं। पीएम मोदी की मंगलवार को जिनपिंग से मुलाकात हो सकती है। इस मुलाकात में पीएम मोदी उन्हें इस महीने दिल्ली में आयोजित हो रहे BRICS समिट के लिए निजी तौर पर आमंत्रित कर सकते हैं। आज की समिट में रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी शामिल हुए हैं।

पुतिन-जिनपिंग से पीएम की संक्षिप्त बातचीत

नेताओं के 'फैमिली फोटो' के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ संक्षिप्त बातचीत करते हुए देखा गया। इसके अलावा, मंगलवार को बिश्केक स्थित यरीस ओर्दो कांग्रेस हॉल में SCO शिखर सम्मेलन से इतर सदस्य देशों के नेताओं की एक राउंडटेबल चर्चा भी आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता मेजबान देश किर्गिस्तान के राष्ट्रपति और SCO के मौजूदा अध्यक्ष सदिर जापारोव ने की।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article