Bihar News: गयाजी में घात लगाए बैठे आरोपियों ने जनसुराज नेता पर चलाई गोलियां, जांच में जुटी पुलिस

Bihar News: बिहार के गयाजी में जनसुराज नेता पर घात लगाए बैठे बाइक सवार अपराधियों ने गोलियां चलाई। गनीमत यह रही कि इस घटना में उन्हें किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Bihar News: बिहार के गयाजी जिले के रामपुर थाना क्षेत्र में जनसुराज नेता गजेंद्र सिंह पर अपराधियों द्वारा फायरिंग की खबर सामने आई है। हालांकि इस हमले में उन्हें किसी प्रकार का कोई नुकसान नहीं हुआ है। एक गोली उनकी गाड़ी में लगने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस के अनुसार, जनसुराज के नेता गजेंद्र सिंह सोमवार देर रात अपने विधानसभा क्षेत्र चंदौती के आसपास से स्कॉर्पियो से गयाजी में अपने आवास की ओर लौट रहे थे तभी चंदौती रोड में एलआईसी ऑफिस और डीपीएस स्कूल के बीच में बाइक सवार अपराधियों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। रामपुर थाना के प्रभारी दिनेश बहादुर सिंह ने मंगलवार को बताया कि गजेंद्र सिंह के बयान पर रामपुर थाना में एक प्राथमिकी दर्ज कर ली है। एफएसएल की टीम को भी बुलाया गया है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Crime News

गयाजी में घात लगाए बैठे आरोपियों ने जनसुराज नेता पर चलाई गोलियां (फोटो - टाइम्स नाउ नवभारत)

घात लगाए बैठे थे हमलावर

न्यूज एजेंसी आईएएनएस के अनुसार, सिंह जब वापस लौट रहे थे तभी अचानक पहले से घात लगाए एक बाइक पर सवार दो अज्ञात व्यक्ति आए और फायरिंग शुरू कर दी। ड्राइवर ने गाड़ी तेजी से मोड़ ली। उसके बाद अपराधी वहां से भाग गए। जनसुराज के समर्थक इसे राजनीतिक साजिश बता रहे हैं। इस घटना में सिंह को किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। उन्होंने दावा किया कि जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।।

End of Feed