Samastipur Firing: बिहार के समस्तीपुर जिले में अपराधियों का हौसला कुछ ऐसा बुलंद है, कि गैरकानूनी चीजें भी उन्हें अधिकार सरीखी लगती हैं और वह भी ऐसा अधिकार जिसके लिए हिंसा पर भी उतारू हुआ जा सके। जिले के रोसरा इलाके में एक ऐसा ही मामला सामने आया, जहां रंगदारी नहीं देने पर अपराधियों ने दिनदहाड़े गोलीकांड की वारदात को अंजाम दिया। घटना रोसरा थाना क्षेत्र के हरिपुर की है, जहां गैस पाइपलाइन बनाने वाली एक निजी कंस्ट्रक्शन कंपनी के ऑपरेटर अनिल साह को गोली मार दी गई। घायल अवस्था में उन्हें समस्तीपुर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज चल रहा है।
घायल का इलाज जारी
10 लाख की रंगदारी की मांग
प्रत्यक्षदर्शियों और घायल के बयान के अनुसार, शाम को करीब 5 से 10 की संख्या में हथियारबंद अपराधी घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने कंपनी कर्मियों से 10 लाख रुपए रंगदारी की मांग की। रंगदारी नहीं देने पर अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिसमें ऑपरेटर अनिल साह को गोली लग गई। घायल युवक मोहिउद्दीन नगर का रहने वाला है और पिछले कुछ समय से निजी कंस्ट्रक्शन कंपनी में ऑपरेटर का कार्य कर रहा था। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है और कंपनी के अन्य कर्मचारी दहशत में हैं।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही रोसरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने कहा कि अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही रंगदारी और गोलीकांड के पीछे के आपराधिक नेटवर्क को खंगाला जा रहा है।
