Gopalganj: गोपालगंज में वोटिंग के बाद बवाल; RJD को वोट नहीं देने पर दलित परिवार से मारपीट

Gopalganj News: बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के मतदान के बाद गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर क्षेत्र में हिंसा की घटनाएं सामने आईं। सिधवलिया थाना के बुचेया गांव में एक दलित परिवार पर RJD को वोट न देने के आरोप में हमला हुआ, जिसमें तीन लोग घायल हुए। SDPO राजेश कुमार ने बताया कि बंगरा, देवकुली और बुचेया में मारपीट की शिकायतें दर्ज की गई हैं।

Gopalganj Violence: गोपालगंज जिले के बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान खत्म होने के कुछ घंटे बाद ही हिंसा की एक घटना सामने आई। सिधवलिया थाना क्षेत्र के बुचेया गांव में एक दलित परिवार के साथ मारपीट की गई। आरोप है कि परिवार ने RJD को वोट नहीं दिया, इसी बात से नाराज होकर कुछ लोगों ने रास्ते में रोककर उन पर हमला कर दिया। पीड़ितों ने बताया कि मतदान करके जैसे ही वे घर लौट रहे थे, आरोपियों ने उन्हें घेर लिया और बीजेपी को मतदान करने का आरोप लगाते हुए पीटना शुरू कर दिया। घटना में तीन लोग घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

gopalganj chunav violence

घटना की जानकारी देते SDPO राजेश कुमार

तीन जगह हिंसा की शिकायत

SDPO राजेश कुमार ने बताया कि बैकुंठपुर विधानसभा क्षेत्र में मतदान के बाद तीन अलग-अलग इलाकों, बैकुंठपुर थाना के बंगरा, महम्मदपुर थाना क्षेत्र के देवकुली और सिधवलिया थाना क्षेत्र के बुचेया गांव में मारपीट की घटनाएं हुई हैं। तीनों जगहों पर शिकायत दर्ज की गई है और आरोप RJD समर्थकों पर लगाए गए हैं। SDPO ने कहा कि घायलों से लिखित आवेदन लिया जा रहा है और पुलिस जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। पीड़ितों ने अखिलेश यादव, विशाल यादव समेत कई लोगों का नाम इस हमले में शामिल होने की बात कही है।

End of Feed