बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के लौरिया थानाक्षेत्र की सिसवनिया पंचायत में रविवार को एक किशोर और किशोरी के शव एक पेड़ से लटके हुए पाए गए। यह घटना बारवा के समीप एक बगीचे में हुई, जहां दोनों के पैर जमीन से सटे हुए थे। ग्रामीणों ने इसे हत्या का मामला मानते हुए आशंका जताई कि दोनों की हत्या कर शवों को लटकाया गया ताकि इसे आत्महत्या का रूप दिया जा सके।
बिहार में किशोर-किशोरी के शव पेड़ से लटके मिले
घटना की जानकारी मिलते ही नरकटियागंज एसडीपीओ जयप्रकाश सिंह, इंस्पेक्टर रमन कुमार और थानाध्यक्ष रमेश कुमार शर्मा ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। रविवार दोपहर कुछ बच्चे टिकोला बीनने के लिए बगीचे पहुंचे, जहां उन्होंने दोनों शवों को लटकते देखा। पुलिस ने मोतिहारी से एफएसएल टीम को बुलाकर शवों को उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पॉकेट से मिली सिंदूर की पुड़िया
पुलिस की जांच के दौरान किशोर की पॉकेट से सिंदूर की पुड़िया मिली, वहीं किशोरी की मांग में भी सिंदूर पाया गया। किशोर की मां ने बताया कि उसका बेटा शनिवार रात खाने के बाद टहलने निकला था और फिर घर नहीं लौटा। उसके पिता रोजगार के सिलसिले में बाहर हैं और उन्हें घटना की जानकारी दे दी गई है। पुलिस मामले की हर संभावित कोण से जांच कर रही है।
