Bihar Ka Mausam (बिहार में आज का मौसम कैसा रहेगा) 21-July-2025:बिहार में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। राजधानी पटना समेत राज्य के कई हिस्सों में रविवार को हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे अधिकतम तापमान में गिरावट आई और लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली। मौसम विभाग ने राज्य के दक्षिण और पूर्वी जिलों के लिए सोमवार को भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की है। मानसून की बारिश का असर नदियों पर भी दिखाई दे रहा है। राज्य की कई प्रमुख नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है, जिससे निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।
बिहार में आज भी आएगी बारिश
इन जिलों में अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार, पटना, भोजपुर, नालंदा, बेगूसराय, गया, नवादा और कोसी-सीमांचल क्षेत्र में अगले 24 घंटों के दौरान तेज बारिश हो सकती है। इसके साथ ही वज्रपात और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने इन जिलों के लोगों को खुले स्थानों पर न जाने, खेतों में काम न करने और अनावश्यक यात्रा से बचने की सलाह दी है।
उत्तर बिहार में कैसा रहेगा मौसम
राज्य के उत्तर-पूर्वी इलाके के कुछ जगहों पर आज बारिश और ठनके को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है, वहीं उत्तर बिहार के पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, सीवान, सारण, मुजफ्फरपुर, वैशाली, समस्तीपुर, मधुबनी, दरभंगा और शिवहर जैसे जिलों के लिए किसी प्रकार की मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है। इन इलाकों में मौसम सामान्य रहने की संभावना जताई गई है।
बारिश ने गिराया पारा
रविवार को हुई बारिश के कारण राज्य के अधिकांश जिलों में तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना में 3.5 मिमी बारिश के बाद अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 32 डिग्री सेल्सियस पर आ गया, वहीं न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बीते 24 घंटे में राज्य का सबसे अधिक तापमान 36 डिग्री सेल्सियस गोपालगंज में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.1 डिग्री सेल्सियस बांका में रहा।
राजधानी में कैसा रहेगा मौसम
पटना में सोमवार को भी आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है। रविवार को सुबह के समय हल्की फुहारों के कारण दिनभर मौसम सुहावना बना रहा और लोगों को उमस से राहत मिली। मौसम विभाग का कहना है कि 20 से 22 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश का यह दौर जारी रहेगा।
