Bihar Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: बिहार के मौसम में आज शाम से बदलाव होने वाला है। रविवार को आसमान में बादल छाए रहने की संभावना हैं। प्रदेश में कल से बारिश भी दस्तक देने वाली है। जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल सकती है। मौसम विभाग ने बिहार के 12 जिलों में 6 से 9 मई के बीच आंधी-बारिश का अलर्ट भी जारी किया है। इसके अलावा किसानों और नदी किनारे रहने वाले नाविकों को भी सावधान रहने को कहा गया है। वहीं अगले हफ्ते बिहार के कुछ इलाकों में 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं। मौसम में बदलाव का यह सिलसिला 11 मई तक देखने को मिल सकता है।
बिहार का मौसम
इन जिलों में बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार बंगाल के आसपास एक चक्रवाती परसंचरण बन रहा है। जिसका प्रभाव बिहार समेत झारखंड, ओडिशा, दक्षिणी छत्तीसगढ में भी देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने पटना, किशनगंज, सहरसा, सुपौल, कटिहार, पूर्णिया और मधेपुरा के कुछ हिस्सों में 6 से 9 मई के बीच बारिश और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा भागलपुर, खगड़िया, जमुई, मुंगेर और बांका भी बारिश होने की संभावना है। जिसके बाद लोगों को चिलचिलाती गर्मी और भीषण लू से राहत मिलने की उम्मीद है।
सबसे गर्म रहा बक्सर
बिहार में शनिवार को सबसे गर्म स्थान जिला बक्सर रहा, यहां का अधिकतम तापमान 42.3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं सबसे कम तापमान डेहरी में दर्ज हुआ। यहां न्यूनतम तापमान 14.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा शेखपुरा में 42.1, वैशाली में 41.7 और पटना में 40 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों ने मौसम में उतार-चढ़ाव होने की संभावना को देखते हुए लोगों को सावधान रहने की सलाह दी है। कुछ इलाकों में तेज आंधी चलने के भी आसार है, जिससे काफी नुकसान हो सकता है।
किसानों के लिए जरूरी सूचना
किसानों के लिए सूचना जारी करते हुए कहा गया है प्री मानसून का दौर शुरू हो चुका है, इसलिए किसान अपनी तैयार फसलों का जल्द से जल्द संग्रह कर लें। साथ ही आम और लीची की फसलों को कम से कम नुकसान हो, इसके लिए भी समुचित कदम उठाने की जरूरत है।
