Bihar IPS Transfer: बिहार के विधानसभा चुनाव सिर पर हैं और राज्य की कानून व्यवस्था को लेकर विपक्ष लगातार सरकार को घेरने में जुटा है। इस बीच प्रशासनिक फेरबदल की खबरें भी ज्यादा आने लगी हैं, इसी कड़ी में बिहार सरकार ने सोमवार को सात भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के अधिकारियों का स्थानांतरण किया है। इस क्रम में सीवान के पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार का भी तबादला कर दिया गया है। उनके स्थान पर मनोज कुमार तिवारी को सीवान का SP बनाया गया है। इसके पहले इसी महीने ही बड़ी संख्या में IPS अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया था, जिसमें कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों को भी इधर-उधर किया गया था।
बिहार में फिर IPS अधिकारियों के हुए तबादले (फाइल फोटो)
पटना के IG बने जितेंद्र राणा
बिहार गृह विभाग ने इसकी अधिसूचना भी जारी कर दी है। अधिसूचना के मुताबिक, तकनीकी सेवाएं एवं संचार के पुलिस महानिरीक्षक राकेश राठी को अगले आदेश तक विशेष शाखा का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है जबकि जितेंद्र राणा को पुलिस महानिरीक्षक, केंद्रीय क्षेत्र, पटना का दायित्व सौंपा गया है।
इनके भी हुए ट्रांसफर
इसके अलावा पुलिस महानिरीक्षक, केंद्रीय क्षेत्र, पटना गरिमा मलिक को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो का पुलिस महानिरीक्षक, निगरानी अन्वेषण ब्यूरो के पुलिस महानिरीक्षक एस. प्रेमलथा को तकनीकी सेवाएं एवं संचार का पुलिस महानिरीक्षक बनाया गया है। अपराध अनुसंधान विभाग के पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार तिवारी को सीवान का पुलिस अधीक्षक जबकि सीवान के पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार को पुलिस अधीक्षक (सुरक्षा), विशेष शाखा का दायित्व सौंपा गया है।
इसके अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सह सहायक निदेशक, बिहार पुलिस अकादमी, राजगीर के. रामदास को अगले आदेश तक अपराध अनुसंधान विभाग का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है।
उठ रहे सवालों पर हो रही कार्रवाई
उल्लेखनीय है कि विपक्ष लगातार बिहार की कानून व्यवस्था को लेकर सरकार को घेरने में जुटा है। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव कानून व्यवस्था को लेकर सरकार पर लगातार निशाना साधते रहे हैं। इस साल बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं, ऐसे में सरकार कानून व्यवस्था को सुधारने को लेकर लगातार प्रयास में जुटी है।
(इनपुट-आईएएनएस)
