बिहार (Bihar) में होली (Holi) के बाद सत्ता परिवर्तन होगा...ऐसा दावा राजद के एक विधायक ने किया है। इस दावे के बाद से बिहार की राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई है। कहा जा रहा है कि महागठबंधन में सीएम पद को लेकर खींचतान शुरू हो चुकी है, जो सही संकेत नहीं है।
बिहार में सीएम पद छोड़ेंगे नीतीश कुमार?
क्या है दावा
राजद के विधायक विजय कुमार मेंडल ने मंगलवार को दावा किया कि मार्च 2023 में नीतीश कुमार की जगह पार्टी नेता और उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने कहा- "तेजस्वी जल्द ही अगले सीएम बनेंगे। वह फगुआ (होली का त्योहार) के बाद शपथ लेंगे। इसमें कोई संदेह नहीं है क्योंकि नीतीश कुमार राष्ट्रीय राजनीति पर ध्यान केंद्रित करेंगे।"
JDU ने क्या कहा
राजद विधायक के इस दावे के बाद जैसे ही राजनीतिक हलचल मची जेडी-यू के राष्ट्रीय अध्यक्ष ललन सिंह ने तुरंत इस पर सफाई देते हुए इस दावे को खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि अगले विधानसभा चुनावों में तेजस्वी यादव को महागठबंधन का सीएम चेहरा बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि अभी यह तय नहीं है कि 2025 में मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होगा?
नीतीश का इशारा
हाल के दिनों में, नीतीश कुमार ने कुछ ऐसे बयान दिए हैं जिसके कारण तेजस्वी यादव की भूमिका के बारे में और भ्रम पैदा हुआ है। पिछले हफ्ते उन्होंने कांग्रेस नेताओं से कहा था कि वे तेजस्वी यादव से मंत्रिमंडल विस्तार के बारे में बात करें, उनसे नहीं। पिछले दिसंबर में, नीतीश ने सभी को चौंकते हुए कहा था कि हम लोगों को 2025 के विधानसभा चुनाव में तेजस्वी को आगे करना है। तेजस्वी के नेतृत्व में चुनाव लड़ा जाएगा।
