Patna News: राजधानी पटना में अपराधियों का तांडव थमने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार गोलीबारी की खबरें सामने आ रही हैं। ताजा मामला फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र का है, जहां बीती रात बदमाशों ने एक युवक को उसके घर के पास ही गोली मार दी। घटना अल निजाम नगर की है, जहां मोहम्मद रिहान को अज्ञात अपराधियों ने निशाना बनाया।
पटना में फिर गोलीबारी की घटनाएं
गंभीर रूप से घायल है पीड़ित
पुलिस के मुताबिक, जिस वक्त यह घटना हुई, रिहान टहल रहा था। रात 1 बजे के आसपास हमलावरों ने रिहान पर गोली चला दी, जिससे रिहान घायल हो गया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई है। पुलिस आस-पास लगे सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।
साफ नहीं है हमले का मकसद
फुलवारी के SDPO सुशील कुमार ने बताया कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और हर पहलू को ध्यान में रखते हुए छानबीन हो रही है। परिजनों से भी पूछताछ कर इनपुट जुटाए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फिलहाल यह साफ नहीं हो सका है कि हमले के पीछे वजह क्या थी। पुलिस ने कहा है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
गौरीचक में भी हुई गोलीबारी
वहीं पटना में ही कल शाम गौरीचक इलाके में एक और गोलीबारी की घटना हुई जिसमें एक व्यक्ति के पैर में गोली लग गई।
घटना शाम साढ़े चार बजे के आसपास की है। गौरीचक के SDPO सत्यकाम ने यह जानकारी दी कि एक मैकेनिक पेशे के व्यक्ति को कुछ पैसे रुपयों को लेकर विवाद में गोली मार दी गई। घायल का नाम आलोक कुमार है, जिसका इलाज चल रहा है और वह खतरे से बाहर है।
