26 May 2025 Bihar mein Aaj ka Mausam (बिहार में आज का मौसम): बिहार में मानसून का प्रभाव सक्रिय हो चुका है, जिसका प्रभाव स्पष्ट रूप से देखा जा रहा है। रविवार को गया, भागलपुर सहित कई जिलों में बारिश दर्ज की गई, जिससे तापमान नियंत्रित हुआ और लोगों को गर्मी से राहत मिली। बादलों की मौजूदगी के कारण धूप भी कम महसूस हो रही है। फिलहाल, आसमान में बादलों का जमावड़ा बना हुआ है, जिससे आज भी मौसम इसी प्रकार रहने की संभावना है। पटना मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, आज बिहार के 20 जिलों में ऑरेंज अलर्ट और 18 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार में आज के मौसम की अपडेट
वहीं, राज्य के 4 जिलों में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने विशेष चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, राज्य के उत्तरी-मध्य और पूर्वी भागों में कुछ स्थानों पर मेघगर्जन और वज्रपात के साथ तेज हवा (50-60 किमी/घंटा) चलने की संभावना है। वहीं, दक्षिण-मध्य और पश्चिमी क्षेत्रों के एक या दो स्थानों पर मेघगर्जन एवं वज्रपात के साथ अपेक्षाकृत कम तीव्रता की तेज हवा (30-40 किमी/घंटा) चल सकती है। इसके अतिरिक्त कुछ क्षेत्रों में भारी बरसात होने की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में जारी अलर्ट
IMD पटना के द्वारा आज बिहार के किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और अररिया जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है, ऐसे में यहां येलो अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही, पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सीवान, सारण, भोजपुर, बक्सर, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, पटना, जहानाबाद, नालंदा, नवादा, शेखपुरा, लखीसराय, बेगूसराय और गया में गरज-चमक के साथ ठनका गिरने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। साथ ही, मौसम विभाग 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाओं के चलने की संभावना है।
बिहार में तापमान का हाल
पटना में तापमान 35.4 डिग्री सेल्सियस अधिकतम और 28.0 डिग्री न्यूनतम रहा, जबकि आर्द्रता स्तर 82% रहा। मुजफ्फरपुर में तापमान 33.4 डिग्री अधिकतम और 27.2 डिग्री न्यूनतम दर्ज किया गया, जहां आर्द्रता 59% थी। गयाजी में अधिकतम तापमान 32.7 डिग्री और न्यूनतम 24.6 डिग्री रहा, वहीं आर्द्रता स्तर 62% रहा। पूर्णिया में तापमान 34.2 डिग्री अधिकतम और 26.5 डिग्री न्यूनतम रहा, और आर्द्रता 44% थी। भागलपुर में अधिकतम तापमान 33.2 डिग्री और न्यूनतम 26.1 डिग्री दर्ज किया गया, जहां आर्द्रता 40% रही।
