Bihar Patna Aaj Aur kal ka Mausam kaisa Rahega: बिहार में अगले कुछ दिनों बारिश से राहत मिलने की उम्मीद नहीं दिखाई दे रही है। शुक्रवार को बिहार चंपारण, नवादा, जमुई, सारण, भोजपुर, बक्सर समेत कई जिलों मे बारिश दर्ज की गई। राजधानी में भी छिटपुट बादल देखे गए लेकिन बारिश नहीं हुई। अभी बारिश और उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए अधिकतर जिलों के लिए चेतावनी जारी की है।
बिहार में 31 मई तक बारिश के हालात
आंधी बारिश का अलर्ट
पटना मौसम विज्ञान केंद्र ने आज यानी शनिवार को कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है। राज्य के दक्षिण और उत्तर-पूर्वी हिस्सों के कुछ जगहों पर बिजली गिरने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलने वाली हवा को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही उत्तर-पश्चिमी और उत्तर-मध्य के जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में आज ठनका गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी आने की संभावना जताई गई है।
पटना में आज का मौसम
पटना शहर की बात करें तो यहां के अधिकतम तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। फिलहाल राजधानी का जो अधिकतम तापमान 35-36 डिग्री सेल्सियस के आसपास है, वो अगले सप्ताह तक 40 के आंकड़े को छू सकता है। आज पटना में कुछ बादलों के साथ उमस बरकरार रहेगी। इसके साथ ही मौसम विभाग ने शनिवार को धूल भरी आंधी और चमक-गरज के साथ बारिश की संभावना जताई है।
31 मई तक ऐसे रहेंगे हालात
मौसम विभाग ने 31 मई तक बारिश को लेकर कोई राहत नहीं बताई है। मौसम विभाग के मुताबिक पूरे बिहार में धीरे-धीरे नमी वाली पुरवा और दक्षिण-पूर्वी हवाओं के चलने के कारण राज्य के कई इलाकों में 24 मई से 31 मई के बीच हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश और कुछ एक जगहों पर भारी बारिश होने की भारी संभावना जताई है। इस दौरान राज्य के अधिकांश जिलों में बिजली की गरज के साथ ठनके और 40–50 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाओं के चलने की भी संभावना जताई गई है।
किसानों के लिए सलाह
मौसम विभाग ने किसानों के लिए सलाह भी जारी किया है। जिसमें कहा गया है कि कटी हुई फसलों को सुरक्षित स्थानों पर रखने की समुचित व्यवस्था जल्दी से जल्दी सुनिश्चित करें, ताकि बारिश और तेज हवाओं से किसी भी प्रकार के नुकसान से बचाव हो सके। इसके साथ ही लोगों को ठनके की आशंका के चलते सावधान रहने की हिदायत भी दी गई है।
