खंडवा: तीर्थनगरी ओंकारेश्वर में गुरुवार सुबह नर्मदा नदी के बीच एक नाव के इंजन में चलते-चलते आग लग गई। गोमुख घाट के सामने हुई इस घटना के बाद नाव में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, नाविक की सूझबूझ और तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित बच गए।
ओंकारेश्वर में नर्मदा नदी के बीच एक नाव के इंजन में लगी आग
जानकारी के मुताबिक, नाव नर्मदा नदी में यात्रियों को लेकर जा रही थी। इसी दौरान करीब 11 बजे नाव के इंजन से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गई। तुरंत नाविक ने यात्रियों को दूसरी नाव में शिफ्ट कराया। समय रहते सभी यात्रियों को सुरक्षित निकाल लिया गया। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें -Ujjain News : सिंहस्थ से पहले 'महाकाल मार्ग' का कायाकल्प, 39 निर्माण हटाने की तैयारी; 24 मीटर चौड़ी होगी सड़क
बताया गया है कि नाव में होंडा कंपनी का पेट्रोल इंजन लगा हुआ था। आग लगने के बाद मामले की जानकारी नगर परिषद के अधिकारियों को दी गई। घटना को गंभीरता से लेते हुए नगर परिषद सीएमओ मोनिका पारधी ने नाव के इंजन को जब्त कर जांच कराने के निर्देश दिए हैं। नगर परिषद के आरआई जितेंद्र गोहे को मामले की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जांच में इंजन में आग लगने की वजह और नाव संचालन के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन की स्थिति देखी जाएगी।
ओंकारेश्वर में नावों में आग लगने की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं। ब्रह्मपुरी घाट सहित अन्य स्थानों पर भी नावों के इंजन में आग लगने की घटनाएं हुई हैं। ऐसे में ताजा घटना के बाद नाव संचालन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एक बार फिर सवाल उठे हैं। नर्मदा में रोज बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक नावों से आवाजाही करते हैं, इसलिए इंजन और ईंधन की सुरक्षा के साथ यात्रियों के लिए आपातकालीन इंतजामों की नियमित जांच को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
