Odisha Landslide News: ओडिशा में गंजाम-कंधमाल जिले की सीमा पर अचानक लैंडस्लाइड होने से हड़कंप मच गया। जमीन धंसने से सड़क का एक बड़ा हिस्सा नीचे चला गया, जिससे देखते ही देखते करीब 20 फीट गहरा गड्ढा सड़क पर बन गया। अचानक हुई इस घटना से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
गंजाम-कंधमाल सीमा पर अचानक भूस्खलन
सड़क पर खेल रहे थे बच्चे, अचानक धंसने लगी जमीन
यह घटना भंजनगर में रायिकिया ब्लॉक के ढेपागुड़ा गांव में हुई। बताया जा रहा है कि घटना के समय दो बच्चे सड़क के पास खेल रहे थे। तभी अचानक जमीन में हलचल शुरू हो गई और सड़क का बड़ा हिस्सा धंसने लगा। हालात को भांपते हुए दोनों बच्चे सुरक्षित स्थान की ओर चले गए। लेकिन कुछ ही देर में सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया।
प्रशासन ने लिया हालात का जायजा
इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। बच्चों के सुरक्षित बच जाने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। लांकि सड़क पर अचानक बने गहरे गड्ढे के कारण इलाके में आवाजाही को लेकर चिंता बढ़ गई है। हालांकि प्रशासन की ओर से मौके का जायजा लिया जा रहा है और प्रभावित हिस्से की स्थिति का आकलन किया जा रहा है।
ओडिशा में भारी बारिश से हालात बिगड़े
ओडिशा में इन दिनों लगातार बारिश हो रही है। जिसके कारण राज्य के कई जिलों में नदियां उफान पर हैं और बाढ़ का पानी गांवों, खेतों और सड़कों में घुस गया है। बालासोर, भद्रक, केंद्रपाड़ा और जाजपुर में जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। छत्तीसगढ़ के ऊपरी क्षेत्रों में भारी बारिश के बाद हीराकुंड बांध के 12 गेट खोल दिए गए हैं। प्रशासन ने तटबंधों की निगरानी भी बढ़ा दी है और राहत-बचाव टीमों को अलर्ट पर रखा गया है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान उत्तरी और पश्चिमी ओडिशा के कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया है।
