NEET Paper Leak: NEET-UG पेपर लीक मामले को लेकर शनिवार को एनएसयूआई (NSUI) ने नई दिल्ली में स्थित राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (NTA) मुख्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। “NTA हल्ला बोल” अभियान के तहत आयोजित इस विरोध प्रदर्शन का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने किया। प्रदर्शनकारी छात्रों ने परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग करते हुए एनटीए को तत्काल भंग करने और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाई।
NSUI के विरोध प्रदर्शन की झलक (फोटो: PTI)
नारेबाजी और कैंडल मार्च
संगठन ने आरोप लगाया कि परीक्षा से जुड़े तनाव के कारण कथित तौर पर तीन छात्रों ने आत्महत्या कर ली, जिसके लिए एनटीए और केंद्र सरकार को जिम्मेदार ठहराया गया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने एनटीए के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और एजेंसी तथा केंद्र पर निष्पक्ष और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने में विफल रहने का आरोप लगाया। इसी के साथ NSUI ने जान गंवाने वाले नीट उम्मीदवारों के शोक में कैंडल मार्च भी निकाला।विनोद जाखड़ ने लगाया ये आरोप
सभा को संबोधित करते हुए विनोद जाखड़ ने आरोप लगाया कि लगातार पेपर लीक, परीक्षाओं के रद्द होने और प्रशासनिक लापरवाही जैसी घटनाओं ने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों के बीच भय और असमंजस का माहौल पैदा कर दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की उदासीनता और एनटीए की विफलताओं ने लाखों मेहनती छात्रों के सपनों को गहरा आघात पहुंचाया है।
यह भी पढ़ें - NEET का डरावना सफर...Paper Leak ने तोड़े लाखों सपने! सिस्टम को तबाह करने वाले कितने गिरफ्तार; कहां तक पहुंची जांच?
NSUI की प्रमुख मांगें
छात्र संगठन ने परीक्षा से जुड़े तनाव के कारण छात्रों की आत्महत्या की घटनाओं पर भी चिंता जताई और आरोप लगाया कि प्रशासन छात्रों की शिकायतों का प्रभावी समाधान करने में विफल रहा है। एनएसयूआई ने अपनी प्रमुख मांगों में नीट मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच, दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई, छात्रों के हितों की सुरक्षा और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बहाल करने की मांग उठाई। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो देशभर में आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
राहुल गांधी ने साधा केंद्र सरकार पर निशाना
वहीं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को नीट पेपर लीक मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पद से हटाने की भी मांग की। राहुल गांधी ने 'एक्स' पर एक वीडियो साझा करते हुए कहा कि 22 लाख नीट अभ्यर्थियों के साथ धोखा हुआ है, लेकिन प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर अब तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दे रहे हैं। उन्होंने आगे कहा कि या तो प्रधानमंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तुरंत पद से हटाएं, या फिर इसकी पूरी जिम्मेदारी खुद लें। राहुल गांधी ने दोहराया कि शिक्षा मंत्री को तत्काल बर्खास्त किया जाना चाहिए।
दो दिन पहले भी हुआ था विरोध प्रदर्शन
गौरतलब है कि दो दिन पहले भी NSUI ने गुरुवार को इस मामले को लेकर विरोध प्रदर्शन किया था और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए काले झंडे दिखाए। यह प्रदर्शन अहमदाबाद स्थित भारतीय प्रबंधन संस्थान (IIMA) परिसर के बाहर किया गया, जहां धर्मेंद्र प्रधान आईआईएम समन्वय फोरम की बैठक की अध्यक्षता करने पहुंचे थे।
