Weather Update: दिल्ली से बिहार तक बढ़ने लगा सर्दी का सितम, पंजाब-हिमाचल में कोहरे का अटैक

Weather Update: नवंबर के अंतिम हफ्ते में उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। राजस्थान के फतेहपुर में पारा 4.7 डिग्री तक पहुंच गया। जबकि दिल्ली, यूपी, पंजाब और हिमाचल में घने कोहरे का अलर्ट है।

Weather Update: नवंबर के अंतिम हफ्ते में उत्तर भारत सहित देश के कई राज्यों में ठंड का असर बढ़ने लगा है। राजस्थान के फतेहपुर में न्यूनतम तापमान गिरकर 4.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जबकि मध्य प्रदेश के दमोह में सीजन की सबसे सर्द रात दर्ज की गई। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कई इलाकों में पारा शून्य से नीचे चला गया है। राजधानी दिल्ली-NCR के अलावा उत्तर प्रदेश, बिहार, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और हिमाचल प्रदेश में सुबह घना कोहरा लोगों का रास्ता रोक रहा है।

Weather Update 26 November

उत्तर भारत में बढ़ने लगा ठंड का प्रकोप

मौसम विभाग (IMD) के अनुमान के मुताबिक, कल यानी शुक्रवार 27 और शनिवार 28 नवंबर को मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश और बिहार में न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। वहीं, पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली और चंडीगढ़ में घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।

हालांकि, दक्षिण भारत में मौसम का मिजाज अलग रहने वाला है। तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में शुक्रवार को भारी बारिश की संभावना है। आंध्र प्रदेश और केरल में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

भोपाल की सर्दी ने तोड़ा रिकॉर्ड

राजस्थान में सर्द हवाओं के कारण रात के तापमान में गिरावट जारी है। सीकर के फतेहपुर में लगातार तीसरे दिन न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे रहा। कल यानी बुधवार 25 नवंबर को यहां पारा 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाड़मेर और जैसलमेर को छोड़कर राज्य के सभी शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे रिकॉर्ड हुआ।

मध्य प्रदेश में भी ठंड का असर बढ़ रहा है। दमोह में न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस मौसम की सबसे ठंडी रात रही। राजधानी भोपाल में पारा 8.2 डिग्री तक पहुंच गया। यह पिछले 10 साल में नवंबर की तीसरी सबसे ठंडी रात रही। राज्य के 30 शहरों में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री से नीचे दर्ज किया गया है। मौसम विभाग ने कुछ जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।

यूपी में हरदोई सबसे ठंडा

पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी का असर उत्तर प्रदेश में दिखाई देने लगा है। हरदोई में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री, मुजफ्फरनगर में 9.2 डिग्री और कानपुर में 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अगले चार दिनों तक राज्य के कई इलाकों में घने कोहरे की चेतावनी दी है। लखनऊ और प्रयागराज सहित 12 शहरों में आज सुबह कोहरा छाया रहा।

बिहार में सुबह कोहरे की चादर

बिहार में भी सुबह के समय कोहरा और धुंध देखने को मिल रही है। हालांकि, दिन में धूप निकलने से मौसम साफ हो रहा है। बुधवार को अरवल में न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। पटना में अगले पांच दिनों तक सुबह कोहरा या धुंध रहने का अनुमान है।

हिमाचल में ताबो का पारा -6.1°C

हिमाचल प्रदेश के मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाने की संभावना है। कल हिमाचल के 12 शहरों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री से नीचे रहा। ताबो में पारा गिरकर माइनस 6.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। पंजाब के फरीदकोट में न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री और चंडीगढ़ में 9.2 डिग्री दर्ज किया गया। दोनों राज्यों में 28 नवंबर तक सुबह घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है।

गंगोत्री में तापमान माइनस 13 डिग्री

उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में भी ठंड बढ़ गई है। केदारनाथ में तापमान माइनस 8 डिग्री, बदरीनाथ में माइनस 10 डिग्री, यमुनोत्री में माइनस 6 डिग्री और गंगोत्री में माइनस 13 डिग्री दर्ज किया गया। एक हफ्ते पहले हुई बर्फबारी का असर अब भी ऊंचाई वाले इलाकों में बना हुआ है।

दिल्ली की हवा लगातार 11वें दिन खराब

ठंड के साथ दिल्ली-NCR में प्रदूषण की समस्या भी लगातार बनी हुई है। बुधवार को दिल्ली का 24 घंटे का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 220 दर्ज किया गया। इसके साथ ही राजधानी की हवा लगातार 11वें दिन खराब श्रेणी में रही। 15 नवंबर से दिल्ली की वायु गुणवत्ता में खास सुधार नहीं हुआ है।

End Article
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों...

End of Feed