Noida News: यमुना किनारे बनेगी 10 किमी लंबी सड़क, अथॉरिटी ने दी 'मंजूरी', जानें किन सेक्टरों को होगा फायदा

Noida News: नोएडा में यमुना पुस्ते पर सेक्टर-135 से सेक्टर-150 तक 10 किलोमीटर लंबी सड़क बनाने की योजना है, जिसे प्राधिकरण की तरफ से सैद्धांतिक मंजूरी भी मिल गई है। इस प्रोजेक्ट से सात सेक्टरों और आसपास के गांवों को लाभ होगा।

Noida News: नोएडा में यमुना पुस्ते के किनारे रहने वाले लोगों को लंबे समय से जिस अच्छी खबर का इंतजार था वह आ गई है। नोएडा प्राधिकरण ने सेक्टर-135 से सेक्टर-150 तक लगभग 10 किलोमीटर लंबी चार लेन सड़क बनाने की परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। इस सड़क के निर्माण पर लगभग 280 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। परियोजना के बजट का परीक्षण कराने के लिए इसे IIT भेजा जा रहा है। सड़क बनने से नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे के समानांतर एक वैकल्पिक रास्ता मिल जाएगा।

Noida Yamuna bank road

नोएडा में यमुना किनारे बनेगी 10 किमी लंबी रोड

इस परियोजना से नोएडा के सात सेक्टरों और आसपास के आठ गांवों के लोगों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है। अभी यमुना पुस्ते पर सेक्टर-135 के आगे पक्का रास्ता नहीं है। ऐसे में स्थानीय लोगों को कई जगह घूमकर एक्सप्रेसवे की तरफ जाना पड़ता है। नई सड़क बनने के बाद यह दूरी कम हो जाएगी।

सेक्टर-94 से 135 तक पक्की सड़क

फिलहाल यमुना पुस्ते पर सेक्टर-94 से सेक्टर-135 तक सड़क बनी हुई है। इसके आगे सेक्टर-150 तक पक्का मार्ग नहीं होने के चलते लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। कई बार स्थानीय निवासियों को नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करना पड़ता है।

प्रस्तावित सड़क सेक्टर-135 से शुरू होकर सेक्टर-150 तक जाएगी। इसे एक्सप्रेसवे के समानांतर बनी 45 मीटर चौड़ी सड़क से जोड़ा जाएगा। इससे सेक्टर-150 और आसपास के क्षेत्रों से ग्रेटर नोएडा और Yamuna Expressway की ओर जाने वाले लोगों को एक अतिरिक्त विकल्प मिल जाएगा

इन 7 सेक्टरों और 8 गांवों को होगा फायदा

यमुना पुस्ते पर प्रस्तावित सड़क से सेक्टर-125, 126, 127, 129, 132, 134 और 135 के लोगों को सुविधा मिलेगी। इसके अलावा बख्तावरपुर, सुल्तानपुर, शाहपुर गोवर्धन, असगरपुर और नगली वाजिदपुर सहित आसपास के गांवों के लोगों को भी इसका लाभ मिलेगा। स्थानीय आवागमन आसान होने के साथ एक्सप्रेसवे पर गाड़ियों का दबाव कम करने में भी मदद मिल सकती है।

IIT करेगा 280 करोड़ के बजट का परीक्षण

नोएडा प्राधिकरण ने परियोजना को सैद्धांतिक मंजूरी दे दी है। अब लगभग 280 करोड़ रुपये के अनुमानित बजट की जांच आईआईटी से कराई जाएगी। इसके बाद निर्माण की जिम्मेदारी सिंचाई विभाग को सौंपी जाएगी। विभाग निर्माण एजेंसी का चयन करेगा।

वहीं, सेक्टर-94 से सेक्टर-135 तक पहले से बनी पुस्ता रोड की मरम्मत का काम भी सिंचाई विभाग के माध्यम से शुरू कराया गया है। इसके बाद सेक्टर-135 से सेक्टर-150 तक सड़क विस्तार की परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा।

End Article
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों...

End of Feed