Noida Aryan Death CCTV Video: नोएडा और ग्रेटर नोएडा में पिछले कुछ दिनों में हुई मूसलाधार बारिश अब लोगों की जान पर भारी पड़ने लगी है। नोएडा के सेक्टर-58 में एक बेहद दुखद और दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां सड़क पर हुए भारी जलभराव के कारण 28 साल का एक युवक नाले में गिर गया और उसकी जान चली गई। अब इस खौफनाक हादसे का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें साफ दिख रहा है कि कैसे पलक झपकते ही युवक इस हादसे का शिकार हो गया।
नोएडा में नाले में गिरने से आर्यन की मौत
मृतक की पहचान 28 साल आर्यन के रूप में हुई है, जो सेक्टर-22 के चौड़ा गांव का रहने वाला था। पुलिस के मुताबिक, यह घटना गुरुवार सुबह करीब 9 बजे की है, जब आर्यन लगातार हो रही बारिश के बीच सेक्टर-58 स्थित एक फैक्ट्री में अपने काम पर जा रहा था। सड़क पर घुटनों तक पानी भरा होने के कारण वह नाले के ऊपर रखी कंक्रीट की स्लैब पर पैर रखकर आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान एक स्लैब असंतुलित थी और जैसे ही आर्यन का पैर उस पर पड़ा, वह सीधे गहरे नाले में समा गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 'लाइब्रेरी की भीड़ से तय होता है देश का भविष्य', दिल्ली में अमित शाह ने किया 'जयप्रकाश नारायण पुस्तकालय' का उद्घाटन
आर्यन के दोस्त शिवम और आस-पास के लोगों ने तुरंत मशक्कत कर उसे बेहोशी की हालत में बाहर निकाला। मौके पर उसे होश में लाने के लिए सीपीआर भी दिया गया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस घटना ने एक बार फिर मानसून के दौरान प्रशासनिक लापरवाही और सार्वजनिक सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
नोएडा-ग्रेटर नोएडा में जगह-जगह तबाही
यह कोई इकलौती घटना नहीं है। भारी बारिश की वजह से नोएडा के सेक्टर-12 में एक 10 फीट ऊंची दीवार गिर गई, जिससे कई गाड़ियां मलबे में दब गईं। वहीं सेक्टर-73 में एक कमर्शियल प्लॉट के पास की सड़क और नाला धंस गए, जिसके लिए नोएडा अथॉरिटी ने संबंधित कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट के 'इको विलेज-1' सोसाइटी के बेसमेंट पार्किंग में पानी भर जाने से लोग अपनी गाड़ियों की सुरक्षा को लेकर सहमे हुए हैं।
हालात बिगड़ते देख नोएडा अथॉरिटी ने 24 घंटे काम करने वाली क्विक रिस्पांस टीम का गठन किया है और जलभराव की शिकायत के लिए हेल्पलाइन नंबर (0120-2423795) जारी किया है। ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी के सीईओ एन जी रवि कुमार ने सभी अधिकारियों को सख्त हिदायत दी है कि वे दफ्तरों से निकलकर जमीन पर काम करें और लापरवाही बरतने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
