नोएडा: सेक्टर 137 स्थित साइबर थम माल बिल्डिंग का मेन एंट्री गेट अचानक से एक महिला के पैर पर गिर गया, जिससे महिला के पैर में फ्रैक्चर हो गया। इस हादसे में एक बच्चा भी गेट के नीचे दब गया, हालांकि वो बाल-बाल बच गया। यह घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फिलहाल, घायल महिला को अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।
बच्चे के धक्के से गिरा गेट
वीडियो में दिख रहा है कि कुछ लोग मेन एंट्री गेट के पास टहल रहे हैं। इसी दौरान एक बच्चा गेट को बंद करने की कोशिश करता दिखाई दे रहा है। तभी एक दूसरा लड़का गेट को पीछे की तरफ धकेलता है, लेकिन छोटा बच्चा दोबारा उस गेट को बंद करने की कोशिश करता है और उसी दौरान अचानक गेट गिरता है। लिहाजा, गेट के उस तरफ खड़ी महिला के ऊपर ही गेट जा गिरा। गेट की टक्कर से एक दो लोग और दूर जाकर गिरे, लेकिन एक महिला का पैर उसके नीचे आ गया। गेट को गिरता देख पास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में महिला को बाहर निकाला। तब तक उसके पैर में गंभीर चोट आ चुकी थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टर ने बताया कि उसके पैर में गहरी चोट है और फ्रैक्चर भी है।
