Noida: यूपी के नोएडा में अपराध है कि बढ़ता ही जा रहा है। इन आपराधिक वारदातों को कम करने के लिए पुलिस द्वारा चेकिंग अभियान समय-समय पर चलाया जाता है। चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस ने मुठभेड़ में दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली के घायल हुए बदमाश को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में गिरफ्तार बदमाश लूट और चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।
पुलिस मुठभेड़ में 2 शातिर बदमाश गिरफ्तार
नोएडा थाना सेक्टर 142 पुलिस द्वारा सेक्टर 140 में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। उसी दौरान उन्हें दूर से बिना नंबर प्लेट की एक गाड़ी आते दिखाई दी। पुलिस ने गाड़ी को रुकने का इशारा किया। पुलिस को देखते ही बदमाश वहां से भागने लगे। भागते हुए बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस की टीम ने उनका पीछा किया। पुलिस को पीछा करते देख बदमाशों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक बदमाश घायल हो गया। पुलिस ने राहुल नाम के घायल बदमाश को गिरफ्तार किया। दूसरे बदमाश, जिसका नाम मनीष कुमार है, उसे पुलिस ने कांबिंग के दौरान गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया।
चोरी के मोबाइल और कार बरामद
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया इन दोनों बदमाशों ने 27 मार्च कार में एक व्यक्ति को सवारी के तौर पर बैठाया और उसका सारा सामान लूटने के बाद उसे कार से उतारकर वहां से फरार हो गए। पुलिस ने बदमाशों के पास से 5 चोरी के मोबाइल और एक वैगनआर कार बरामद की है। जिसमें 27 मार्च की लूट की वारदात को अंजाम दिया गया था। पुलिस ने बदमाशों का इतिहास खंगालना शुरू कर दिया है।
