Noida Septic Tank Accident: नोएडा के सेक्टर-63 थाना क्षेत्र की चोटपुर कॉलोनी में एक दर्दनाक हादसा हुआ। जानकारी के मुताबिक, यहां दो सगे भाइयों की सेप्टिक टैंक में गिरने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंच गई। डायल-112 के जरिए मिली जानकारी के अनुसार, चोटपुर कॉलोनी में दो व्यक्ति अपने घर के सेफ्टी टैंक में गिर गए थे। पुलिस से मिली जानकारी से यह पता चला है कि, दोनों सगे भाई मृतक चंद्रभान (40) और राजू (26), मूल रूप से बुलंदशहर के रहने वाले थे और वर्तमान में गौतमबुद्धनगर की चोटपुर कॉलोनी में अपने घर में रह रहे थे।
दो भाइयों की सेप्टिक टैंक में गिरने से मौत
सूत्रों के मुताबिक, दोनों सगे भाई खोड़ा क्षेत्र में कार पेंटर का काम करते थे। बताया जा रहा है कि घर में बने सेफ्टी टैंक की पटिया अचानक टूट जाने से चंद्रभान उसमें गिर गया। ऐसे में, अपने बड़े भाई को बचाने के लिए राजू भी टैंक में उतर गया, लेकिन अंत में जहरीली गैस के कारण दम घुटने से वह भी बाहर नहीं निकल सका।
दोनों को बचाने की कोशिश में पड़ोसी हेमंत ने भी टैंक में उतरने का प्रयास किया, लेकिन दम घुटने की वजह से नीचे नहीं जा सका। उसे तुरंत अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है। दो सगे भाइयों की दर्दनाक मौत के बाद परिवार और इलाके में मातम छा गया है।
राहत टीम ने कटर की मदद से फर्श काटकर दोनों भाइयों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है। इन दिनों दिल्ली एनसीआर के आसपास के इलाकों से सेप्टिक टैंक में गिरने खासतौर से बच्चों के गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
