Noida: उत्तर प्रदेश के नोएडा में बीते दिनों यमुना प्राधिकरण की टीम पर गोलीबारी की खबर सामने आई थी। इस मामले में पुलिस के हाथ कामयाबी लगी। पुलिस ने गोलीबारी मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, सोमवार रात यमुना सिटी के सेक्टर-17 में अवैध खनन रोकने के लिए यमुना प्राधिकरण की टीम पहुंची थी। इस दौरान खनन माफियाओं द्वारा अधिकारियों पर गोलीबारी की गई। इस सिलसिले में मामला दर्ज करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों की गिरफ्तारी की।
यमुना प्राधिकरण टीम पर हमला करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार
गोलीबारी मामले में दो गिरफ्तार
नोएडा पुलिस के एक प्रवक्ता ने बुधवार को बताया कि यमुना प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक (परियोजना) संजय कुमार श्रीवास्तव ने थाने में घटना को लेकर रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने शिकायत में कहा है कि सेक्टर 17 थाना दनकौर क्षेत्र में अवैध खनन की सूचना मिलने पर प्राधिकरण के सुपरवाइजर प्रमोद कुमार गनमैन हरेंद्र सिंह, उदयवीर सिंह और सुरक्षाकर्मी विनोद कुमार के साथ मौके पर पहुंचे।शिकायत में कहा गया कि वहां पर खनन कार्य जारी था और मौके पर एक जेसीबी और चार डंपर भी थे।
शिकायत के अनुसार, अधिकारियों ने खनन रोकने को कहा तो आरोपियों ने गोलीबारी की और जेसीबी की मदद से पुलिस की गाड़ी भी पलट दी। प्रवक्ता ने शिकायत के हवाले से बताया कि किसी तरह टीम के सदस्य दनकौर कोतवाली पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। प्राधिकरण के सहायक प्रबंधक ने एक नामजद समेत 10 लोगों के खिलाफ शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि मामला दर्ज कर पुलिस ने रविंद्र पुत्र सुरेंद्र तथा निक्की पुत्र हरपाल को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया है कि दोनों आरोपियों के पास से एक जेसीबी और एक डंपर बरामद किया गया है। अधिकारी ने आगे बताया कि अन्य आरोपियों की पुलिस तलाश कर रही है।
(इनपुट - भाषा)
