Noida: नोएडा में रविवार शाम एक तेज रफ्तार लेंबोर्गिनी से दो मजदूरों को कुचलने की घटना सामने आई। यह मामला तेजी से तूल पकड़ रहा है। पुलिस ने इस मामले में एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जबकि पुलिस ने वाहन चालक को मौके से गिरफ्तार किया। इस हादसे को लेकर पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। बता दें कि यह मामला नोएडा सेक्टर 94 का है। थाना सेक्टर 124 पुलिस इस घटना के संबंध में कार के मालिक मशहूर यूट्यूबर मृदुल को पूछताछ के लिए बुला सकती है। पुलिस जानने का प्रयास कर रही है कि हादसे के समय गाड़ी किसकी अनुमति से चलाई जा रही थी और इसके पीछे की पूरी कहानी क्या है।
वाहन चालक गिरफ्तार
जानकारी के अनुसार, पुलिस ने मुख्य आरोपी वाहन चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। वाहन चालक का नाम दीपक बताया जा रहा है, जो राजस्थान के जयपुर का मूल निवासी है। वह दिल्ली-एनसीआर में कार ब्रोकर का काम करता है। जिसमें गाड़ियों की खरीदारी-फरोख्ता (Buying and Selling) शामिल है। पुलिस ने बताया कि रविवार को वह टेस्ट ड्राइव के दौरान लैंबोर्गिनी चला रहा था, तभी अचानक हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार कार ने डिवाइडर पर खड़े मजदूरों को कुचल दिया। इस घटना से पूरे इलाके में अफरातफरी मच गई।
पुलिस ने आगे बताया कि हादसे में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहन को जब्त करते हुए वाहन चालक को गिरफ्तार कर लिया। बता दें कि दोनों मजदूर अब खतरे से बाहर हैं और उनकी स्थिति में भी सुधार है। पुलिस मामले की तह तक जाने की कोशिश में जुटी है। पुलिस जांच में पता लगा कि लैंबोर्गिनी मशहूर यूट्यूबर मृदुल के नाम पर रजिस्टर्ड है। यही कारण है कि मशहूर यूट्यूबर मृदुल को पूछताछ के लिए थाने बुलाया जा सकता है।
कौन है यूट्यूबर मृदुल
मृदुल अपने परिवार के साथ सुपरनोवा अपार्टमेंट में निवास करते हैं। मृदुल अपने कॉमेडी वीडियो के लिए मशहूर हैं और उनके यूट्यूब चैनल पर लगभग 19 मिलियन सब्सक्राइबर हैं, जबकि इंस्टाग्राम पर उनके 3.5 मिलियन फॉलोअर्स हैं। उनके परिवार के कई अन्य सदस्य भी यूट्यूबर हैं।
