Noida News: नोएडा से साइबर ठगों द्वारा एक युवती से ब्लैकमेलिंग का बड़ा मामला सामने आया है। जिले के सर्फाबाद गांव की रहने वाली एक युवती ने ऑनलाइन लोन लेने के लिए एक एप डाउनलोड किया था। जिसके बाद वह साइबर ठगों के जाल में फंस गई। आरोपियों ने युवती का मोबाइल फोन हैक कर उसकी निजी जानकारी चुरा ली और फिर उसका अश्लील वीडियो बना ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया, पैसे न देने पर आरोपियों ने युवती का अश्लील वीडियो सोशल मीडिया पर डाल दिया।
एडा में युवती को ऑनलाइन लोन लेना पड़ा भारी। -प्रतीकात्मक तस्वीर
जिसके बाद पीड़ित युवती ने थाना सेक्टर-113 पहुंच कर मामला दर्ज कराया। पीड़िता ने बताया कि, उसे कुछ पैसों की सख्त जरूरत थी, इसलिए उसने लोन लेने के लिए गूगल प्ले स्टोर से एक एप डाउनलोड किया था। युवती के अनुसार, एप डाउनलोड करते ही उसके पास अज्ञात नंबरों से फोन आने लगे। आरोपियों ने युवती का फोन हैक कर उसकी तस्वीरों सहित सभी निजी जानकारी चुरा ली। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पैसे नहीं देने पर फोटो एडिट कर बना दी अश्लील वीडियो
पीड़िता ने पुलिस को बताया कि, आरोपियों ने उसके मोबाइल से चोरी किए गए फोटो को एडिट कर उसका अश्लील वीडियो तैयार कर दिया। उस वीडियो को मेरे मोबाइल पर भेज आरोपियों ने 10 हजार रुपये मांगे। पीड़िता ने बताया कि, मेरे पास पैसे नहीं थे, इसलिए आरोपियों को पैसे नहीं दे सकी। जिसके बाद आरोपियों ने उस वीडियो को कई सोशल मीडिया साइड पर अपलोड कर दिया और उसका लिंक मुझे भेजा। थानाध्यक्ष शरद कांत ने बताया कि, शिकायत के अनुसार अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। साइबर सेल मामले की जांच में जुटी है। उन्होंने कहा कि हमारी पहली प्राथमिकता वीडियो को डिलीट करना है। उन्होंने लोगों को सावधान करते हुए कहा कि, ऑनलाइन एप की मदद से लोन लेने से लोगों को बचना चाहिए। लोन का झांसा देकर ब्लैकमेलिंग और ठगी करने वाले कई ठग इस समय सक्रिय है।
