नोएडा और ग्रेटर नोएडा में छठ पूजा के मद्देनजर 15 और 16 नवंबर यानि दो दिनों के लिए ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा। कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ट्रैफिक पुलिस ने यमुना नदी (कालिंदी कुंज), हिंडन नदी पुल कुलेसरा, चोटपुर/बहलोलपुर सेक्टर-63 और नोएडा स्टेडियम सेक्टर-21ए में छठ पूजा के आयोजन को देखते हुए डायवर्जन प्लान जारी किया है। इस दौरान आवश्यकतानुसार भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों का डायवर्जन किया जाएगा।
(सांकेतिक फोटो-Istock)
इन सड़कों पर रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
1- नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेस-वे से कालिंदी बॉर्डर होकर दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को चरखा गोलचक्कर से दलित प्रेरणा स्थल की ओर डायवर्ट किया जाएगा। उक्त वाहन डीएनडी/चिल्ला होकर अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
2- सेक्टर-37 से कालिंदी बॉर्डर की ओर जाने वाले यातायात को महामाया फ्लाईओवर से दलित प्रेरणा स्थल की ओर डायवर्ट किया जाएगा। उक्त यातायात डीएनडी/चिल्ला होकर अपने गंतव्य की ओर जा सकेगा।
3- सूरजपुर से कुलेसरा/फेस-2 की ओर जाने वाले यातायात को कच्ची सड़क तिराहा से चौगानपुर गोलचक्कर की ओर डायवर्ट किया जाएगा। उक्त यातायात बिसरख गोलचक्कर होकर अपने गंतव्य की ओर जा सकेगा।
4- फेस-2 से हिंडन नदी की ओर जाने वाले यातायात को फेस-2 से ककराला की ओर डायवर्ट किया जाएगा। उक्त यातायात सोरखा, बिसरख होकर अपने गंतव्य की ओर जा सकेगा।
5- किसान चौक से पर्थला की ओर जाने वाले यातायात को किसान चौक से बिसरख की ओर डायवर्ट किया जाएगा। उक्त यातायात बिसरख से सोरखा से पर्थला होकर अपने गंतव्य की ओर जा सकेगा।
6- पर्थला से किसान चौक की ओर जाने वाले यातायात को पर्थला गोलचक्कर से सोरखा की ओर डायवर्ट किया जाएगा। उक्त यातायात सोरखा, बिसरख होकर अपने गंतव्य की ओर जा सकेगा।
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, डायवर्जन के दौरान आपातकालीन वाहनों (चिकित्सीय/फायर सर्विस) को सकुशल पास कराया जाएगा। वाहन चालकों से असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की अपील की गई है। वही ट्रैफिक संबंधी असुविधा होने पर हेल्पलाइन नंबर 9971009001, 7065100100 और एक्स हैंडल @noidatraffic पर संपर्क किया जा सकता है।
