नोएडा के सेक्टर 146/147 को ग्रेटर नोएडा के एलजी चौक से जोड़ने वाले नए वैकल्पिक मार्ग का निर्माण कार्य तेज हो गया है। यूपी स्टेट ब्रिज कॉरपोरेशन ने पुल पर सड़क (बिटुमिन और मैस्टिक) बनाने के लिए टेंडर जारी कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, 15 मार्च तक पुल का ढांचागत काम पूरा कर लिया जाएगा और जुलाई तक इसे आम जनता के लिए खोल दिया जाएगा।
मार्च में खुल जाएगा पुल (AI Image)
परी चौक पर कम होगा वाहनों का दबाव
वर्तमान में सूरजपुर, गामा और अल्फा सेक्टरों से नोएडा आने वाले वाहनों को परी चौक होकर जाना पड़ता है, जिससे वहां लंबा जाम लगता है। इस नए संपर्क मार्ग के शुरू होने से वाहन सीधे एलजी चौक से सेक्टर-146/147 नोएडा में प्रवेश कर सकेंगे। इससे परी चौक पर वाहनों का बोझ कम होगा और लोगों को लगभग 10 किलोमीटर का अतिरिक्त चक्कर नहीं काटना पड़ेगा।
नोएडा और ग्रेनो में निर्माण की स्थिति
प्रोजेक्ट की समीक्षा के दौरान सामने आया है कि नोएडा की ओर सड़क बनाने का 80 प्रतिशत काम पूरा हो चुका है। यहां पुल को जोड़ने के लिए 800 मीटर लंबी सड़क बनाई जा रही है, जिस पर लगभग 31.15 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। वहीं, ग्रेटर नोएडा की तरफ लगभग 50 प्रतिशत काम पूरा हुआ है। यहां एक किलोमीटर लंबी सड़क के निर्माण पर करीब 25 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं।
जुलाई तक वाहनों के लिए खुलेगा मार्ग
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक ने पिछले सप्ताह ही साइट का जायजा लेकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। यदि मार्च अंत तक टेंडर प्रक्रिया पूरी हो जाती है, तो सड़क बिछाने का काम शुरू हो जाएगा। प्राधिकरण के अधिकारियों का लक्ष्य है कि जुलाई तक सभी बचे हुए काम पूरे कर इसे वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया जाए।
यूपी स्टेट ब्रिज कॉरपोरेशन की तैयारी
ब्रिज कॉरपोरेशन के अधिकारियों ने बताया कि 15 मार्च तक पुल का काम खत्म होते ही फिनिशिंग का काम शुरू होगा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा दोनों प्राधिकरण अपने-अपने क्षेत्रों में सड़क निर्माण को लेकर प्रयासरत हैं ताकि इस वैकल्पिक मार्ग का लाभ जल्द से जल्द लोगों को मिल सके।
