Noida Accident News: नोएडा के सेक्टर-49 में सोमवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे हो गया, जिसमें 55 वर्षीय व्यक्ति की जान चली गई। जानकारी के मुताबिक, रात करीब 8 बजे शख्स स्कूटर पर सवार होकर अपने घर जा रहा था, तभी सेक्टर 49 ट्रैफिक सिग्नल के पास सड़क किनारे खड़ी एक गाय अचानक उसके रास्ते में आ गई। स्कूटर टकराते ही वह संतुलन खोकर सड़क पर गिर गया और पीछे से आ रही एक कार ने उसे कुचल दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान शख्स की मौत हो गई।
फाइल फोटो
कार चालक गिरफ्तार
मृतक की पहचान सेक्टर-99 निवासी और नोएडा अथॉरिटी से जुड़े आर्किटेक्ट अर्जेश कुमार के तौर पर हुई। हादसे के बाद पुलिस ने कार चालक को गिरफ्तार कर लिया है। यह पूरी घटना कार के डैशबोर्ड कैमरे में कैद हुई है। मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने इस मामले में लापरवाही से वाहन चलाने व गैर-इरादतन हत्या से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है।
आवारा पशुओं के कारण लगातार हो रहे हादसे
यह दर्दनाक हादसा एक बार फिर शहर में आवारा पशुओं की समस्या को उजागर करता है। पिछले कुछ महीनों में ऐसी कई घटनाएं नोएडा और ग्रेटर नोएडा से सामने आ चुकी हैं। फरवरी में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की बाइक एक आवारा सांड से टकरा गई थी। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था। 2025 में भी आवारा पशुओं के कारण हुए कई हादसों में जानमाल का नुकसान हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़कों पर खुलेआम घूम रहे मवेशी रोजाना हादसों की वजह बन रहे हैं। हालांकि नोएडा अथॉरिटी की ओर से पशुओं को रास्ते से हटाकर शेल्टर भेजने और कैटल टैगिंग सिस्टम शुरू करने की बात कही जा रही है, लेकिन लोगों का मानना है कि यह समस्या जमीनी स्तर पर अब भी गंभीर बनी हुई है। लोगों ने प्रशासन से कड़ी कार्रवाई और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
