तरनतारन बस हादसे पर NHRC सख्त, पंजाब के मुख्य सचिव को समन, एक्सीडेंट पर मांगी विस्तृत रिपोर्ट

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत चलने वाली बसों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और तरनतारन हादसे में 4 मौतों के बाद राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने पंजाब के मुख्य सचिव को सशर्त समन जारी किया है।

पंजाब के तरनतारन में मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत चलने वाली दो बसों की टक्कर में चार लोगों की मौत और करीब 30 लोगों के घायल होने के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने सख्त रुख अपनाया है। आयोग ने बसों में सुरक्षा मानकों के उल्लंघन और अपने पहले के निर्देशों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने को गंभीरता से लेते हुए पंजाब के मुख्य सचिव को सशर्त समन जारी किया है। NHRC के सदस्य प्रियंक कानूनगो की अध्यक्षता वाली पीठ ने मुख्य सचिव को निर्देश दिया है कि वह बसों के निरीक्षण, सुरक्षा मानकों के अनुपालन और हादसे के बाद उठाए गए कदमों का विस्तृत ब्योरा पेश करें। निर्धारित समयसीमा में व्यापक रिपोर्ट नहीं देने की स्थिति में मुख्य सचिव को आयोग के समक्ष पेश होना होगा।

tarntaran news

बस हादसे पर मांगी है रिपोर्ट

बसों में सुरक्षा खामियों को लेकर पहले भी दी थी चेतावनी

आयोग पिछले एक साल से देशभर में यात्री बसों की सुरक्षा से जुड़े मामलों की निगरानी कर रहा है। इससे पहले NHRC ने यात्री और स्लीपर बसों से जुड़े लगातार हो रहे जानलेवा हादसों, बसों की संरचनात्मक खामियों और CIRT के दिशानिर्देशों के उल्लंघन पर चिंता जताई थी। आयोग ने इस संबंध में तत्काल एहतियाती कदम उठाने की जरूरत बताई थी। इसके बाद नेटवर्क फॉर एक्सेस टू जस्टिस एंड मल्टीडिसिप्लिनरी आउटरीच फाउंडेशन की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत में पंजाब की मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत संचालित बसों में गंभीर सुरक्षा खामियों का आरोप लगाया गया था। इनमें बिना अनुमति बसों के ढांचे में बदलाव, इमरजेंसी एग्जिट का बाधित होना और आग से सुरक्षा एवं आपातकालीन निकासी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होना शामिल था।

End of Feed