Kushinagar Maharajganj High Alert: पड़ोसी देश नेपाल में अचानक आई भीषण बाढ़ और भारी तबाही के बाद उत्तर प्रदेश सरकार और प्रशासन पूरी तरह सतर्क मोड पर आ गए हैं। नेपाल की नदियों में उफान के कारण सीमावर्ती जिलों महराजगंज और कुशीनगर में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देशों के बाद राज्य सरकार ने नेपाल में राहत और बचाव कार्यों में सहयोग के लिए 32 सदस्यीय स्टेट डिजास्टर रिस्पांस फोर्स (SDRF) की प्लाटून और 22 प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी (PAC) के जवानों की टीम रवाना की है।
नेपाल में भीषण तबाही से यूपी के सीमावर्ती जिलों में अलर्ट
गंडक नदी के निचले इलाकों और गांवों की निगरानी तेज
नेपाल से निकलने वाली नदियों विशेषकर गंडक/नारायणी, रोहिणी और राप्ती के जलस्तर में संभावित बढ़ोतरी को देखते हुए यूपी प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। महराजगंज और कुशीनगर के तटीय तथा निचले इलाकों में बसे संवेदनशील गांवों को खाली कराने और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने की तैयारी कर ली गई है। सिंचाई, राजस्व, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग के अधिकारियों को 24 घंटे सतर्क रहने के आदेश दिए गए हैं। प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले ग्रामीणों को पानी के पास न जाने, सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।
नेपाल को मानवीय सहायता और बचाव कार्य
समाचार एजेंसी PTI के मुताबिक , नेपाल और तिब्बत में आई भीषण फ्लैश फ्लड में मरने वालों की संख्या बढ़कर 392 हो गई है। इनमें 389 लोगों की मौत नेपाल में आई अचानक बाढ़ में हुई, जबकि तिब्बत में तीन लोगों के मारे जाने की पुष्टि हुई है। बचाव एजेंसियां 290 भारतीय नागरिकों समेत सैकड़ों लापता लोगों की तलाश में युद्धस्तर पर अभियान चला रही हैं। नेपाल पुलिस के अनुसार, प्रभावित क्षेत्रों से अब तक 50 विदेशी नागरिकों समेत 796 लोगों को हेलीकॉप्टर के जरिए सुरक्षित निकाला गया है, जबकि 796 अन्य लोगों को सड़क मार्ग से रेस्क्यू किया गया है। हालांकि, विदेशी नागरिकों की राष्ट्रीयता का विवरण साझा नहीं किया गया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नेपाल में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए प्रभावित परिवारों की सुरक्षा की प्रार्थना की है। इसके साथ ही, उत्तर प्रदेश से नेपाल गए यात्रियों व फंसे नागरिकों की सहायता और जानकारी जुटाने के लिए हेल्पलाइन नंबर 1070 भी सक्रिय किया गया है।
