Navi Mumbai: उरण में प्लैटिनम लॉजिस्टिक गोदाम में भीषण आग, केमिकल ड्रमों में हुए धमाके, इलाके में जहरीला धुआं फैला

नवी मुंबई के उरण तालुका स्थित वेश्वी में प्लैटिनम लॉजिस्टिक गोदाम में भीषण आग लग गई। केमिकल के ड्रमों में हुए धमाकों और जहरीले धुएं से आसपास के लोगों को सांस लेने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

Uran Fire News: नवी मुंबई के उरण तालुका अंतर्गत वेश्वी ग्राम पंचायत क्षेत्र में स्थित 'प्लैटिनम लॉजिस्टिक' के सामान भंडारण गोदाम में सोमवार को भीषण आग लग गई। गोदाम में बड़े पैमाने पर केमिकल का भंडारण होने के कारण आग ने बेहद कम समय में भयानक रूप धारण कर लिया। अग्निकांड के दौरान केमिकल के ड्रमों में एक के बाद एक हुए कई जोरदार धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा, जिससे स्थानीय निवासियों में भारी दहशत फैल गई। आग की विशाल लपटों और आसमान में उठते काले और जहरीले धुएं के गुबार ने आसपास के कई किलोमीटर के दायरे को अपनी चपेट में ले लिया। धुएं के सीधे संपर्क में आने के कारण आसपास की रिहायशी बस्तियों में रहने वाले लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में गंभीर परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

navi mumbai uran fire

गोदाम में आग का भयावह दृश्य

युद्धस्तर पर दमकल का राहत और बचाव कार्य

घटना की जानकारी मिलते ही अग्निशमन विभाग की कई गाड़ियां और राहत टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मी केमिकल से भड़की आग को फैलने से रोकने और उस पर काबू पाने के लिए लगातार पानी और केमिकल फोम का छिड़काव कर रहे हैं। एहतियात के तौर पर पुलिस और प्रशासन ने गोदाम के आसपास के इलाके को खाली करा लिया है और आसपास के रास्तों पर आवाजाही रोक दी है। आग लगने के स्पष्ट कारणों और इसमें हुए नुकसान का आधिकारिक आकलन दमकल अभियान पूरा होने के बाद ही हो सकेगा।

End of Feed