Nashik News: महाराष्ट्र के नासिक जिले से रविवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जहां खेत में काम कर रहे एक किसान पर तेदुंए ने हमला कर दिया। इस दौरान दोनों कुएं में गिर गए। जिससे दोनों की मौत हो गई। घटना की सूचना पर वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद किसान को कुएं से बाहर निकाला गया। लेकिन डूबने से उसकी पहले ही मौत हो गई थी। इस घटना से गांव में शोक का माहौल है।
नासिक में कुएं में गिरकर किसान और तेंदुए की मौत
सेवरी गांव में तेंदुए ने किया किसान पर हमला
यह घटना नासिक के सिन्नर तालुका में सेवरी गांव में रविवार देर साम को हुई। जहां गोरख जाधव नाम का युवा किसान खेत में काम करने के लिए गया था। दिन ढलने के बाद उसने खाना खाया। जिसके बाद वह आराम करने के लिए कुएं के पास बैठ गया। तभी अचानक तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया। डरे हुए किसान ने खुद को बचाने की कोशिश की। लेकिन वह कुएं में गिर गया। उसके पीछे तेंदुआ भी कुएं में गिर गया।
गांव वालों ने तेंदुए को निकालने का विरोध किया
जब गांव के लोगों को इस घटना का पता चला, तो उन्होंने फॉरेस्ट डिपार्टमेंट और पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पुलिस अधिकारी और वन विभाग की टीम पहुंची। जिसके बाद किसान को बाहर निकालने का प्रयास शुरू किया। लेकिन कुए में तेंदुए के कारण उसे बाहर निकालने में मुश्किल हो रही थी। तेंदुए को पिंजरे में फंसाने के बाद लाइफगार्ड्स कुएं में उतरे और किसान को ढूंढने लगे। लेकिन तब तक किसान की डूबने से मौत हो गई। बाद में उसका शव कुएं से बाहर निकाला गया। गांव वालों ने तेंदुए के बाहर निकालने का विरोध किया। वन विभाग के अधिकारियों ने उन्हें समझाया। जिसके बाद तेंदुए को बाहर निकाला गया। लेकिन ज्यादा देर तक पानी में रहने के चलते उसकी भी मौत हो गई।
