Maharashtra Nalasopara Fire: महाराष्ट्र के नालासोपारा-वसई लिंक रोड स्थित इम्पीरियल हाइट्स बिल्डिंग में देर रात भीषण आग लग गई। इस हादसे में दो महिलाओं की मौत हो गई। आग लगने के बाद इमारत में फंसे लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया गया। बताया जा रहा है कि हादसे में करीब 15 से 20 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया है। लेकिन घने धुएं के कारण कई लोगों की तबीयत बिगड़ने की भी जानकारी सामने आई है।
नालासोपारा की इम्पीरियल हाइट्स इमारत में आग
आग लगने के बाद शुरू हुआ बचाव अभियान
वसई-विरार महानगरपालिका क्षेत्र में स्थित इम्पीरियल हाइट्स इमारत में आग लगने की सूचना रात करीब 11:30 बजे मिली थी। इसके बाद अग्निशमन विभाग, पुलिस और नगर निगम के अधिकारियों-कर्मचारियों को मौके पर तैनात किया गया। नगर निगम आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी. ने शुरुआती जानकारी देते हुए बताया था कि तत्काल कार्रवाई के दौरान 15 से 20 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। उस समय एक महिला की मौत की सूचना मिली थी, जिसकी पुष्टि की प्रक्रिया जारी थी। अब सामने आई जानकारी के मुताबिक, हादसे में दो महिलाओं की जान गई है। मृतकों की पहचान 50 वर्षीय फाल्गुनी शाह और 50 वर्षीय अश्विनी पारकर के रूप में हुई है।
धुएं की चपेट में आने से कई लोगों की तबीयत बिगड़ी
आग के कारण इमारत में तेजी से घना धुआं फैल गया। इसकी चपेट में आने से कई लोगों की तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। दमकलकर्मी आग पर काबू पाने और इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए जुटे रहे।
अधिकारी और बीजेपी विधायक घटनास्थल पर पहुंचे
हादसे की सूचना मिलने पर नगर निगम आयुक्त पृथ्वीराज बी.पी., अतिरिक्त आयुक्त संजय हेरवाडे और बीजेपी विधायक स्नेहा पंडित भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने राहत और बचाव कार्य की निगरानी की। फिलहाल आग लगने के कारण और इमारत को हुए नुकसान के संबंध में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
