Thane Youth Nirbhay Pakhare Arrested: महाराष्ट्र के नागपुर से सोशल मीडिया फ्रॉड और हैवानियत की एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। ठाणे का रहने वाला 19 वर्षीय युवक 30 से अधिक धारदार हथियारों के साथ नागपुर पहुंचा और एक 16 वर्षीय किशोरी को किराए के कमरे में बंधक बनाकर कई घंटों तक प्रताड़ित और दुष्कर्म करता रहा। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तब आरोपी किशोरी के गले पर चाकू ताने खड़ा था। नागपुर की हुडकेश्वर थाना पुलिस की त्वरित सूझबूझ और एक फूड डिलीवरी बॉय से मिले सटीक सुराग के कारण समय रहते किशोरी को मौत के मुंह से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। एक अन्य रिपोर्ट में युवक को बीबीए (BBA) का 20 वर्षीय छात्र बताया गया है।
सरकारी अधिकारी की बेटी से घंटों तक दुष्कर्म, पुलिस छुड़ाने आई तो गले पर लगा दिया चाकू, इंस्टाग्राम की दोस्ती का नागपुर में दर्दनाक अंत
मामला कुछ ऐसे खुला कि किशोरी के घर न लौटने पर परिजनों ने हुडकेश्वर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन ट्रेस की, लेकिन सटीक मकान का पता नहीं चल पा रहा था। पुलिस ने पीड़िता की इंस्टाग्राम चैट और डिजिटल डेटा का विश्लेषण कर आरोपी के ठाणे स्थित आवास का पता लगाया और उसके परिजनों से संपर्क किया। ठाणे पुलिस की मदद से आरोपी की मां से फोन कॉल करवाकर साइबर विशेषज्ञों ने आरोपी की सटीक लोकेशन नागपुर के दिघोरी में ट्रैक कर ली।
लेकिन पूरे इलाके में कैसे पकड़ पाते ये भी टास्क था, जहां तलाशी के दौरान पुलिस की नजर एक फूड डिलीवरी बॉय पर पड़ी। पुलिस ने उससे उस क्षेत्र में हाल ही में दी गई डिलीवरी और उससे जुड़े मोबाइल नंबरों की जानकारी जुटाई। जब डिलीवरी बॉय से प्राप्त मोबाइल नंबर का मिलान पीड़िता की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) से किया गया, तो पुलिस को सटीक मकान का पता चल गया। कमरे में छापेमारी करते ही पुलिस के होश उड़ गए। कमरे में 30 से अधिक धारदार हथियार बिखरे पड़े थे, पीड़िता गंभीर हालत में पड़ी थी और उसके हाथ पर भी चाकू के गहरे घाव थे। पुलिस ने तुरंत छात्रा को छुड़ाकर गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (GMCH) में इलाज के लिए भर्ती कराया है।
'आकाश मेहरा' नाम की फर्जी आईडी से बिछाया था जाल
जांच में सामने आया है कि आरोपी ने किशोरी से दोस्ती करने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सहारा लिया था। आरोपी की पहचान निर्भय उर्फ आकाश माधव पाखरे के रूप में हुई है। उसने 'आकाश मेहरा' नाम से फर्जी इंस्टाग्राम अकाउंट बनाकर पीड़िता से दोस्ती की और बाद में उसकी निजी तस्वीरें हासिल कर लीं। तस्वीरें वायरल करने का भय दिखाकर वह किशोरी पर लगातार शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बना रहा था और मानसिक रूप से शोषित कर रहा था। आरोपी ने दक्षिण नागपुर के दिघोरी इलाके में एक फ्लैट किराए पर लिया था, जहां उसने रविवार सुबह छात्रा को बंधक बना लिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी ठाणे के एक प्रतिष्ठित डॉक्टर दंपति का बेटा है।
आरोपी दो दिन की पुलिस कस्टडी में
वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक अनामिका मिर्जापुरे ने बताया कि आरोपी निर्मय माधव पखारे को अदालत में पेश कर दो दिन की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। नागपुर पुलिस ने मंगलवार तड़के एक 12वीं की छात्रा का अपहरण करने, उसका यौन उत्पीड़न करने और चाकू से हमला कर प्रताड़ित करने के आरोप में गिरफ्तार किया था। पुलिस ने 20 घंटे के लंबे खोज अभियान के बाद आरोपी के चंगुल से पीड़ित छात्रा को सुरक्षित छुड़ा था।
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी पहले भी अन्य लड़कियों के साथ इस तरह के अपराधों में शामिल रहा है। आरोपी के माता-पिता घटना की सूचना मिलते ही ठाणे से नागपुर पहुंच चुके हैं और मामले की विस्तृत विवेचना जारी है। हुडकेश्वर पुलिस ने आरोपी निर्भय पाखरे के खिलाफ हत्या के प्रयास, नाबालिग से दुष्कर्म, पोक्सो (POCSO) और अपहरण की संगीन धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। बता दें कि ठाणे में रहने वाला आरोपी एक जाने-माने डॉक्टर दंपत्ति का बेटा और एक सीनियर IPS अधिकारी का भतीजा है। वहीं, लड़की एक रेवेन्यू ऑफिसर की बेटी है।
