Muzaffarpur News: बिहार के मुजफ्फरपुर में काफी दिनों बाद एक बार फिर वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी की घटना सामने आई है। जहां तीन किशोरों ने रील बनाने के चक्कर में ट्रेन पर जमकर पत्थर फेंके। जिससे तीन बोगियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना के बाद आरपीएफ ने तीनों नाबालिगों को मौके से पकड़ लिया। जिसके बाद उन्हें जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया गया।
वंदे भारत एक्सप्रेस (फाइल फोटो | istock)
वंदे भारत एक्सप्रेस पर कहां हुआ पथराव
जानकारी के अनुसार, यह घटना मंगलवार को कपरपुरा और मुजफ्फरपुर स्टेशन के बीच हुई। जहां ट्रैक पर खेल रहे किशोरों ने वहां से गुजर रही ट्रेन पर पत्थर फेंके। जिसकी सूचना ट्रेन के मार्गरक्षण दल में तैनात आरपीएफ के प्रधान आरक्षी नीरज ने अधिकारियों दी। जिसके बाद आरपीएफ अधिकारी गोकुलेश पाठक और प्रधान आरक्षी भूपेंद्र कुमार तिवारी तुरंत मौके के लिए रवाना हुए। ट्रैक सर्च के दौरान उन्हें किमी संख्या 91/14 के पास करीब 11:30 बजे तीन बच्चे हाथ में पत्थर लिए हुए आपस में खेलते हुए नजर आए।
तीन किशोरों को पत्थर के साथ पकड़ा गया
किशोरों से पूछताछ के दौरान उन्होंने बताया कि वे बकरी के लिए पत्ता काटने के बहाने घर से निकले। ट्रेन के किराने आकर वे रील बनाने लगे। जहां खेल-खेल में उन्होंने वहां से गुजर रही ट्रेन पर निशाना लगाने के लिए पत्थर फेंके। जिससे वंदे भारत एक्स्प्रेस की बोगी नंबर C-7, C-4 और E-1 के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। किशोरों ने अपना अपराध कुबूल कर लिया है और गलती की माफी भी मांगी। आरपीएफ अधिकारी गोकुलेश पाठ ने 11:45 बजे मौके पर ही रिपोर्ट तैयार की और तीनों को विधि-विरुद्ध बालक घोषित किया। साथ ही उनके परिजनों को भी घटना की सूचना दी। तीनों किशोरों के खिलाफ आरपीएफ थाने में केस दर्ज कर लिया गया है, जिसके बाद उन्हें किशोर न्याय बोर्ड में पेश किया गया।
