उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में देर रात पुलिस और कुख्यात बदमाश सतपाल उर्फ सत्तू के बीच मुठभेड़ हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि नाबालिग युवती के अपहरण का आरोपी किसी बड़ी वारदात की फिराक में है। रुड़की रोड पर वाहन चेकिंग के दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें सब इंस्पेक्टर अजय गौड़ और सिपाही अंकित घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में बदमाश भी घायल हुआ।
नाबालिगों का अपहरण कर दुष्कर्म करने वाला शातिर बदमाश सतपाल का एनकाउंटर। AI IMAGE
अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत
घायल आरोपी को पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत गंभीर होने पर हायर सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि दोपहर करीब 1:20 बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने अपहृत नाबालिग युवती को सुरक्षित बरामद कर लिया। आरोपी के पास से एक पिस्टल, एक तमंचा, भारी मात्रा में कारतूस, युवती की बालियां, ओरा कार, मोबाइल फोन और फर्जी आधार कार्ड भी बरामद किया गया।
1000 CCTV खंगालने के बाद आरोपी तक पहुंची पुलिस
19 जून को दर्ज अपहरण के मामले के बाद पुलिस की 10 टीमों को जांच में लगाया गया था। करीब 1000 सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद आरोपी तक पहुंचा गया। जांच में सामने आया कि आरोपी फरवरी 2026 में जालंधर जेल से फरार हुआ था। पुलिस के अनुसार सतपाल उर्फ सत्तू पर हत्या, लूट, डकैती, बलात्कार, गैंगरेप, रंगदारी और अपहरण समेत करीब 30 आपराधिक मामले दर्ज थे। उस पर ₹25 हजार का इनाम भी घोषित था।
नाबालिग लड़कियों को बनाता था निशानाजांच में सामने आया कि आरोपी गरीब और नाबालिग लड़कियों को नौकरी और मदद का झांसा देकर अपने जाल में फंसाता था। इसके बाद उन्हें अगवा कर दुष्कर्म करता था। आरोपी पर मेरठ, सहारनपुर, जालंधर और मुजफ्फरनगर में कई मामले दर्ज थे। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जानकारी में आरोपी के छोटा राजन गैंग से संभावित संबंध सामने आए हैं। हालांकि इस एंगल पर अभी जांच जारी है।
