Mumbai Crime News: कुछ शातिर बदमाश लोगों को ठगने के लिए नए-नए तरीके अपनाते रहते हैं। वहीं कुछ ऐसी ठग भी होते हैं, जो लोगों को फिल्मी अंदाज में लूटने का काम करते हैं। ठगी पर बॉलीवुड सिनेमा में कई फिल्में और वेब सीरीज बन चुकी हैं। ये फिल्में जहां आम दर्शकों के मनोरंजन का काम करती हैं, वहीं शातिर ठगों को धोखाधड़ी करने के नए आईडिया देती हैं। ऐसे ही पुलिस ने दो ठगों को गिरफ्तार किया है, जो फिल्मी अंदाज में लोगों को बेवकूफ बनाकर ठगी का काम करते थे।
मुंबई में दो ठग गिरफ्तार (प्रतीकात्मक तस्वीर)
मुंबई पुलिस ने दो ठगों को गिरफ्तार किया है, जो बड़े-बड़े व्यापारियों को अपना शिकार बनाते थे। यह ठग खुद को राजस्थान की रॉयल फैमिला का सदस्य बताते थे और पीड़ित व्यापारियों को अपनी ठगी का शिकार बनाते थे। पुलिस ने बताया है कि, दोनों आरोपी व्यापारियों को लोन देने का आश्वासन देते थे, फिर उन्हें ठग लेते थे।
ऐसे व्यापारियों को बनाते थे अपना शिकार
इस मामले पर एक पुलिस अधिकारी ने कहा है कि, आरोपी ने उन व्यवसायियों से संपर्क किया, जिन्हें पहले गैर-निष्पादित खातों (एनपीए) के कारण बैंकों से लोन नहीं मिल सका था। पुलिस ने बताया है कि, दोनों ठग व्यवसायियों को राजस्थान के एक शाही परिवार से कम दरों पर लोन दिलाने का वादा करते थे और अलग-अलग शुल्क के नाम पर पैसे की मांग कर उन्हें ठग लेते थे। उन्होंने कहा कि, 'फीस' मिलने के बाद आरोपी गायब हो जाते थे।
एक आरोपी फरार
क्राइम ब्रांच के एक अधिकारी ने कहा है कि, एक अन्य व्यक्ति ठगों का सहयोग करता था, जो तथाकथित शाही परिवार का सदस्य या बैंक का एक वरिष्ठ अधिकारी होने का दिखावा करता था। फिलहाल वह पुलिस के शिकंजे से बाहर है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है। वहीं गिरफ्तार किए गए दोनों ठगों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता के तहत मामला दर्ज किया है और अन्य पहलू की जांच कर रही है।
