Body in Train Dustbin: मुंबई के लोकमान्य तिलक टर्मिनस (एलटीटी) से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। कुशीनगर एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 22537) के थर्ड एसी कोच (बी2) के शौचालय में सफाई के दौरान कूड़ेदान से 5 साल के एक बच्चे का शव बरामद किया गया। इस घटना से रेलवे और पुलिस में हड़कंप मच गया है।
ट्रेन के डस्टबिन में 5 साल के बच्चे का मिला शव
प्रारंभिक जांच में बच्चे की हत्या की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार, बच्चे की गुमशुदगी की रिपोर्ट दो दिन पहले गुजरात के सूरत जिले के अमरोली थाना क्षेत्र में दर्ज कराई गई थी। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह घटना शुक्रवार देर रात करीब 1 बजे सामने आई, जब ट्रेन एलटीटी के प्लेटफॉर्म नंबर 4 पर खड़ी थी। नियमित सफाई के दौरान एक सफाई कर्मचारी को कोच के शौचालय में कूड़ेदान के भीतर कुछ संदिग्ध नजर आया। जब उसे देखा गया, तो वह एक बच्चे का शव था, जिसके बाद तुरंत अधिकारियों को सूचित किया गया।
गले और चेहरे पर निशान
मुंबई रेलवे जीआरपी कमिश्नर राकेश कलासागर ने पुष्टि की कि शव एक 5 वर्षीय बालक का है। उसके गले और चेहरे पर धारदार हथियार से कट के निशान पाए गए हैं। शव को उल्टा रखा गया था, जो इस घटना की गंभीरता को दर्शाता है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि मृतक बच्चा आखिरी बार अपने चचेरे भाई के साथ देखा गया था। सूरत की अमरोली पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज किया था और अब वह मुंबई पहुंचकर जीआरपी के साथ संयुक्त रूप से मामले की जांच कर रही है। सूत्रों के अनुसार, हत्या का आरोप जिस व्यक्ति पर है वह मृतक का रिश्तेदार (भाई) बताया जा रहा है।
हत्या की गहन जांच जारी
कमिश्नर कलासागर ने आईएएनएस कोबताया कि शरीर पर पाए गए चोटों के निशान हत्या की ओर संकेत करते हैं, हालांकि हत्या का मकसद अभी साफ नहीं हो पाया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मृत्यु का कारण स्पष्ट रूप से सामने आ पाएगा। फिलहाल घरेलू विवाद को संभावित कारण माना जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जीआरपी, आरपीएफ और सूरत पुलिस की संयुक्त जांच टीम गठित की गई है। एलटीटी स्टेशन पर वरिष्ठ अधिकारी और तकनीकी स्टाफ मौके पर मौजूद हैं। बच्चे के परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे मुंबई पहुंच चुके हैं। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और हत्यारे की तलाश जारी है।
